Delhi Power Price Hike: दिल्ली के बिजली उपभोक्ताओं को जून महीने से महंगे बिजली बिल का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग (DERC) ने बिजली कंपनियों को फ्यूल एंड पावर परचेज एडजस्टमेंट सरचार्ज (FPPAS) बढ़ाने की अनुमति दे दी है। हालांकि, 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका असर नहीं पड़ेगा। नए आदेश के तहत बिजली कंपनियां अब पहले की 10 फीसदी सीमा के मुकाबले 16-17 फीसदी तक सरचार्ज वसूल सकेंगी, जिससे बड़े उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बढ़ोतरी हो सकती है।
महंगा होगा बिजली बिल
दिल्ली की तीनों बिजली वितरण कंपनियों के उपभोक्ताओं पर फ्यूल सरचार्ज बढ़ोतरी का असर अलग-अलग होगा। टाटा पावर के क्षेत्र में रहने वाले उपभोक्ताओं को बिजली बिल में करीब 1 फीसदी अतिरिक्त भुगतान करना पड़ सकता है, जबकि बीएसईएस के दोनों डिस्कॉम क्षेत्रों में यह बढ़ोतरी 2.5 से 3.5 फीसदी तक हो सकती है। इस फैसले का सबसे अधिक असर व्यावसायिक और अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। इसके अलावा मार्च महीने के 10 फीसदी बकाया फ्यूल सरचार्ज की वसूली भी जून के बिल में की जाएगी, जिससे कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

