Kerala ED Raid News: केरल की राजनीति में बुधवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब पिनरई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित आवास समेत कई ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की। यह कार्रवाई उनकी बेटी वीना थैक्कंदियिल की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और कोच्चिन मिनरल्स और रयूटाइल लिमिटेड मामले को लेकर की गई है। बताया जा रहा है कि हाई कोर्ट के निर्देश के बाद प्रवर्तन निदेशालय ने जांच तेज करते हुए यह कार्रवाई की है।
ईडी ने किन ठिकानों पर मारी रेड
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने इस मामले में एक साथ कुल 12 ठिकानों पर छापेमारी की है। इनमें पिनरई विजय का कन्नूर स्थित निजी आवास, सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्था का घर, कोझिकोड के कोटुली इलाके में पूर्व मंत्री मोहम्मद रियास का आवास और बेंगलुरु स्थित एक्सालॉजिक का कार्यालय भी शामिल है। बताया जा रहा है कि बेकरी जंक्शन स्थित घर में विजयन, उनकी बेटी वीना थैक्कंदियिल और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। ईडी अधिकारी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच घर में दाखिल हुए और दस्तावेजों की जांच शुरू की।
CMRL-एक्सालॉजिक मामला कैसे आया सामने?
यह मामला पहली बार 8 अगस्त 2023 को सामने आया, जब कोच्चि स्थित सीएमआरएल से जुड़ी आयकर विभाग की एक रिपोर्ट सार्वजनिक हुई। रिपोर्ट में दावा किया गया कि वर्ष 2017 से 2020 के बीच सीएमआरएल ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को करीब 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया, जबकि कंपनी की ओर से कोई वास्तविक सेवा प्रदान किए जाने के प्रमाण नहीं मिले। इसके बाद केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएफआईओ को विस्तृत जांच के निर्देश दिए। बताया गया कि एक्सालॉजिक और सीएमआरएल के बीच वर्ष 2017 में सॉफ्टवेयर और मार्केटिंग सेवाओं को लेकर एक समझौता हुआ था, जिसकी वैधता और लेन-देन अब जांच के दायरे में हैं।

