होम = Breaking = दिल्ली से बिहार तक तपिश का कहर, पारा 44°C के पार; अगले हफ्ते राहत के आसार

दिल्ली से बिहार तक तपिश का कहर, पारा 44°C के पार; अगले हफ्ते राहत के आसार

Heatwave Alert: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है, जहां पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रयागराज में सबसे ज्यादा 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में लू चलने की चेतावनी जारी की है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश और अंधड़ का अलर्ट दिया गया है।

इस तारीख से बढ़ते तापमान से मिल सकती है राहत

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली के कुछ इलाकों में आज लू चलने की आशंका है। दिन के समय 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, स्काईमेट के मुताबिक, चक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण सोमवार से हल्की बारिश की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 26 से 30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

यूपीी में 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम पर लगी रोक

भीषण गर्मी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दोपहर 12 से 4 बजे तक मजदूरों के काम पर रोक लगा दी गई है। प्रदेश के 17 जिलों में वार्म नाइट और 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश के 11 जिलों में भी लू को लेकर चेतावनी दी गई है, जबकि ओडिशा में सोमवार से सभी स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा राजस्थान, बिहार और छत्तीसगढ़ में अगले 2-3 दिनों तक गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को परेशान करते रहेंगे।

IMD ने इन राज्यों में जताई बारिश की संभावना

वहीं दूसरी ओर असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।

Tags :