होम = Breaking = दिल्ली पुलिस ने नाबालिग की हत्या के 30 साल पुराने मामले में यूट्यूबर सलीम वास्तिक को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने नाबालिग की हत्या के 30 साल पुराने मामले में यूट्यूबर सलीम वास्तिक को किया गिरफ्तार

Salim Vastik Arrest by Delhi Police: गाजियाबाद में गला रेतकर मारे गए एक्स मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि वह दिल्ली के एक कारोबारी के 13 साल के बेटे की हत्या का आरोपी था और पिछले 25 साल से फरार चल रहा था, जिसे दिल्ली पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने मामले को लेकर क्या बताया?

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम गाजियाबाद स्थित सलीम के घर पहुंची और पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया। जांच में खुलासा हुआ कि 20 जनवरी 1995 को उसने दिल्ली के एक कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे संदीप बंसल का अपहरण किया था और फिरौती न मिलने पर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में उसे पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था और 1997 में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, साल 2000 में जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया और करीब 25 साल तक शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद में नाम बदलकर छिपता रहा।

3 महीने पहले सलीम पर हुआ था जानलेवा हमला

27 फरवरी को दिनदहाड़े इस्लाम धर्म छोड़ चुके सलीम वास्तिक के ऑफिस में घुसकर उस पर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस के मुताबिक, बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए नकाबपोश हमलावरों ने सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे और गला रेतने की कोशिश की थी। चीखने पर हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए थे। शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे और परिवार को सूचना दी। परिजन सलीम को अस्पताल ले गए, जहां से उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) रेफर कर दिया गया था। उसके शरीर पर 14 बार चाकू मारे गए थे। वह करीब एक महीने तक दिल्ली के अस्पताल में भर्ती रहा और उसके दो ऑपरेशन हुए। पुलिस ने हमला करने वाले दो सगे भाइयों गुलफाम और जीशान को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था।


7 साल पहले मुस्लिम धर्म छोड़ नास्तिक बना सलीम

गाजियाबाद के सलीम वास्तिक का मूल घर शामली जिले में है। 20 साल पहले वह शामली से निकलकर गाजियाबाद के लोनी इलाके की अशोक विहार कॉलोनी में बस गया। परिवार में उसके अलावा पत्नी और एक बेटा उस्मान खान है। सलीम पहले कंस्ट्रक्शन से जुड़ा काम करता था। कुछ समय तक उसने मौलवी का काम भी किया। बाद में उसका इस्लाम धर्म से मोहभंग हो गया। सात साल पहले उसने इस्लाम धर्म छोड़ दिया और अपने नाम के साथ ‘वास्तिक’ जोड़ लिया। सलीम ने अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अली गार्डेन कॉलोनी में जमीन ली और वहीं मकान बनवाया। इसमें उसने अपना ऑफिस खोला और यहीं से काम करने लगा। सलीम का अलग-अलग टीवी चैनलों से एग्रीमेंट था, जहां वह धार्मिक डिबेट में जाता रहता था। वह वहां एक्स-मुस्लिम की हैसियत से डिबेट करता था और इस्लाम से जुड़ी बातें रखता था।

सलमी चलाता था अपना यू-ट्यूब चैनल

सलीम वास्तिक ने अपना यूट्यूब चैनल ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से बनाया और इस्लाम व मदरसों की शिक्षा पर सवाल उठाने लगा। हलाला, हदीस और तीन तलाक पर वह अक्सर बात करता था। इन विषयों पर चर्चा करते हुए वह कुरान की आयतों को कोट करता था। उसके इन वीडियो पर मुस्लिम वर्ग के कई लोग गालियां लिखते और धमकियां देते थे।