Pink Smart Card Mandatory For Free DTC Bus: दिल्ली परिवहन निगम की बसों में 1 जुलाई से महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा के नियम बदलने जा रहे हैं। अब बिना पिंक स्मार्ट कार्ड को टैप किए मुफ्त सफर संभव नहीं होगा, क्योंकि पिंक टिकट व्यवस्था को बंद किया जा रहा है। महिलाओं को फ्री यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड अनिवार्य होगा। दिल्ली में मार्च से अब तक 5.74 लाख से अधिक महिलाएं यह कार्ड बनवा चुकी हैं, जबकि इसे बनवाने के लिए अभी करीब दो महीने का समय बाकी है।
रोजाना 6-7 लाख महिलाएं DTC से करती हैं सफर
दिल्ली परिवहन निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, बसों में रोजाना औसतन 6–7 लाख महिलाएं सफर करती हैं, जिनमें से साढ़े पांच लाख से अधिक महिलाएं अपना पिंक स्मार्ट कार्ड बनवा चुकी हैं। इसके बावजूद मौजूदा स्थिति में केवल 6 से 7 प्रतिशत महिलाएं ही कार्ड को टैप कर यात्रा कर रही हैं। अधिकारी ने बताया कि मई-जून की तेज गर्मी को देखते हुए फिलहाल इस नियम को सख्ती से लागू नहीं किया जा रहा है, लेकिन जुलाई से पिंक स्मार्ट कार्ड के बिना मुफ्त यात्रा की सुविधा पूरी तरह अनिवार्य कर दी जाएगी।
7 साल पहले हुई थी महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा
दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की योजना साल 2019 में शुरू की गई थी। मौजूदा सरकार ने भी 2026–27 के बजट में इसके लिए 450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, लेकिन अब इस सुविधा को केवल दिल्ली की महिलाओं तक सीमित रखने के लिए पिंक स्मार्ट कार्ड अनिवार्य किया जा रहा है। मार्च से पिंक स्मार्ट कार्ड बनाने का अभियान जारी है और फिलहाल शहर के 58 केंद्रों पर इसका काम चल रहा है।

