Bharat Kapoor Death Reason: हिंदी सिनेमा ने एक और अनुभवी कलाकार को खो दिया है। दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का निधन फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत नाजुक बनी हुई थी और उन्होंने मुंबई के सायन अस्पताल में अंतिम सांस ली। करीब चार दशक लंबे करियर में ‘नूरी’, ‘लव स्टोरी’ और ‘साजन चले ससुराल’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले भरत कपूर के निधन से फैंस और बॉलीवुड गहरे सदमे में हैं। अब हर कोई उनके निधन की असली वजह जानना चाहता है, जिसे लेकर उनके करीबी दोस्त ने अहम खुलासा किया है।
क्या थी निधन की असली वजह?
अवतार गिल ने भरत कपूर के निधन को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भरत कपूर लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और बीते तीन दिनों में उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनके शरीर के कई अंगों ने एक साथ काम करना बंद कर दिया, जिसे मेडिकल भाषा में ‘मल्टीपल ऑर्गन फेलियर’ कहा जाता है। इसी कारण उनका निधन हो गया। सोमवार शाम को उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
40 साल लंबा रहा करियर
15 अक्टूबर 1945 को जन्मे भरत कपूर का अभिनय करियर करीब चार दशक तक फैला रहा। उन्होंने 70 के दशक में अपने सफर की शुरुआत की और धीरे-धीरे अपनी अलग पहचान बनाई। भरत कपूर उन चुनिंदा अभिनेताओं में थे, जो भले ही फिल्म के पोस्टर पर मुख्य चेहरे के तौर पर न दिखें, लेकिन स्क्रीन पर आते ही अपनी दमदार मौजूदगी से पूरे सीन का रुख बदल देते थे। छोटे-से-छोटे किरदार को भी उन्होंने इतनी शिद्दत से निभाया कि दर्शक उन्हें हमेशा याद रखेंगे।

