Prime Minister Modi and Russian President Putin : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कार वाली सेल्फी सिर्फ भारत में ही वायरल नहीं हुई, बल्कि अब यह फोटो अमेरिका की राजनीति का भी हिस्सा बन गई है। अमेरिकी संसद (कांग्रेस) के अंदर इस तस्वीर को दिखाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की विदेश नीति पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
डेमोक्रेट्स ने लगाए बड़े आरोप
अमेरिका की विपक्षी पार्टी, डेमोक्रेट्स, ने दावा किया कि ट्रंप की नीतियां अमेरिका–भारत संबंधों को नुकसान पहुँचा रही हैं। कांग्रेस में सुनवाई के दौरान उन्होंने मोदी-पुतिन की सेल्फी और मोदी-पुतिन-जिनपिंग की तस्वीर को पोस्टर पर लगाकर दिखाया। पोस्टर पर लिखा था—
“ट्रंप की विफल विदेश नीति।”
सांसद सिडनी कमलागेर-डोव का बड़ा बयान
डेमोक्रेटिक सांसद सिडनी कमलागेर-डोव ने सुनवाई में कहा कि ट्रंप सरकार की नीतियों के कारण भारत और रूस एक-दूसरे के और करीब आ रहे हैं। उन्होंने कहा- “भारत के प्रति ट्रंप की नीतियों को केवल नाक काटने वाला कहा जा सकता है.”
सांसद ने चेतावनी दी कि व्हाइट हाउस की दबाव वाली रणनीति भारत और अमेरिका के बीच दशकों से बने भरोसे को “स्थायी नुकसान” पहुंचा सकती है।
अमेरिका-भारत संबंधों पर चिंता बढ़ी
सांसद कमलागेर-डोव ने अमेरिकी संसद से अपील की कि भारत के साथ रिश्तों को सुधारने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएँ। उन्होंने कहा—“जबरदस्ती साझेदारी बनाने की एक कीमत होती है।”
उनका मानना है कि यह मामला बहुत गंभीर है और दोनों पार्टियों को मिलकर इसे समझना होगा, क्योंकि भारत-अमेरिका संबंध दुनिया की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण हैं।
कांग्रेस में बढ़ी बहस, चर्चाओं में तीखापन
इस मुद्दे पर कांग्रेस के अंदर काफी गर्मागर्म बहस हुई। डेमोक्रेट्स का आरोप है कि ट्रंप की विदेश नीति से भारत जैसे महत्वपूर्ण साझेदार देश दूर होते जा रहे हैं। वहीं ट्रंप समर्थक सांसद इसे विपक्ष की “राजनीतिक चाल” बता रहे हैं।

