Switzerland Bar Fire: नए साल का जश्न स्विट्जरलैंड के मशहूर स्की रिज़ॉर्ट क्रांस-मोंटाना में अचानक मातम में बदल गया। एक लोकप्रिय बार में लगी भीषण आग ने खुशियों को पलभर में खामोशी में बदल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पहली बार ले कॉन्स्टेलेशन बार के मालिक जैक्स मोरेटी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
एक स्थानीय अख़बार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यह हादसा उनके लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं है। “हम न ठीक से सो पा रहे हैं, न ही खा पा रहे हैं,” उन्होंने भारी मन से कहा।
क्या है पूरा मामला
जैक्स मोरेटी अपनी पत्नी जेसिका के साथ मिलकर इस बार का संचालन करते थे। हादसे के वक्त जैक्स मौके पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनकी पत्नी बार में थीं और उन्हें भी हल्की चोटें आई हैं। मोरेटी ने बताया कि बार का पिछले दस वर्षों में कई बार सुरक्षा निरीक्षण हो चुका था और सब कुछ नियमों के अनुसार चल रहा था।
जांच में कई बाते आई सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग बार के बेसमेंट से शुरू हुई और बहुत तेज़ी से फैल गई। बताया जा रहा है कि जश्न के दौरान इस्तेमाल की गई शैम्पेन बोतलों पर लगी खास सजावटी मोमबत्तियों से आग भड़की, जो देखते ही देखते छत तक पहुंच गई। संकरी सीढ़ियों के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल पाए और बड़ा हादसा हो गया। जांच जारी है और प्रशासन ने मामले की गहराई से पड़ताल के संकेत दिए हैं। वहीं, पूरे इलाके में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।
ये भी पढ़ें: नरम ठंड के पीछे छिपा खतरा? दिल्ली में शीतलहर की आहट

