होम = दुनिया = दिवाली पर ट्रंप ने दी शुभकामनाएं, PM मोदी बोले- “दो महान लोकतंत्र दुनिया को उम्मीद की रोशनी…”

दिवाली पर ट्रंप ने दी शुभकामनाएं, PM मोदी बोले- “दो महान लोकतंत्र दुनिया को उम्मीद की रोशनी…”

PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए धन्यवाद दिया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्होंने दिवाली के अवसर पर बधाई संदेश भेजने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का आभार व्यक्त किया। कुछ दिनों पहले ट्रंप ने फोन पर प्रधानमंत्री मोदी को दिवाली की शुभकामनाएं दी थीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप, आपके फोन कॉल और दिवाली की हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। प्रकाश के इस पावन पर्व पर, हमारे दोनों महान लोकतंत्र दुनिया को आशा की किरण दिखाते रहें और आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहें।”

ट्रंप ने दिवाली पर दी थी बधाई…

व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रोशनी के त्योहार दिवाली मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आज मैं दिवाली, यानी ‘रोशनी के त्योहार’ को मनाने वाले सभी अमेरिकियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”

ट्रंप ने आगे कहा, “कई अमेरिकियों के लिए दिवाली अंधकार पर प्रकाश की विजय का एक शाश्वत प्रतीक है। यह अवसर परिवारों और दोस्तों को एक साथ लाकर समुदाय का उत्सव मनाने, आशा से शक्ति प्राप्त करने और नवीनीकरण की स्थायी भावना को अपनाने का भी समय है।”

उन्होंने आगे कहा, “लाखों लोग दीये और लालटेन जलाकर इस शाश्वत सत्य का उत्सव मनाते हैं कि अच्छाई हमेशा बुराई पर विजय पाती है। दिवाली मनाने वाले सभी अमेरिकियों के लिए, मैं कामना करता हूं कि यह पर्व स्थायी शांति, समृद्धि, आशा और खुशियाँ लेकर आए।”

Tags : PM Modi trump