Trump South Korea visit : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगले महीने 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक साउथ कोरिया में आयोजित एशिया पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं. इस दौरान ट्रंप की चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन से मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही हैं.
ट्रम्प और शी जिनपिंग के बीच हो सकती है द्विपक्षीय बैठक
CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार ट्रम्प और उनके प्रमुख सलाहकार पीटर नवारो इस सम्मेलन के लिए दक्षिण कोरिया यात्रा की तैयारी में हैं.यह खबर तब आई है जब ट्रम्प ने हाल ही में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग द्वारा भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मेज़बानी पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी.
ये भी पढ़ें : अपने पद से इस्तीफा देंगे प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा, एलडीपी में विभाजन से बचने के लिए उठा रहे कदम !
कब होगी यह यात्रा
रिपोर्ट में बताया गया है कि APEC सम्मेलन के दौरान ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक हो सकती है, हालांकि इस बैठक के आयोजन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.पिछले महीने शी जिनपिंग ने ट्रम्प और उनकी पत्नी को चीन आने का न्योता दिया था, जिसे ट्रम्प ने अमेरिका आने का न्योता देकर जवाब दिया था. हालांकि, इस यात्रा के लिए कोई निश्चित तारीख अभी तक तय नहीं की गई है.
दक्षिण कोरिया की यात्रा भी संभव
व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने CNN से बातचीत में कहा कि दक्षिण कोरिया यात्रा पर चर्चा हो रही है, जिसमें मुख्य रूप से आर्थिक सहयोग पर ध्यान दिया जाएगा, साथ ही व्यापार, रक्षा और नागरिक परमाणु सहयोग पर भी वार्ता की संभावना है. साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने हाल ही में ट्रंप से मुलाकात के दौरान उन्हें APEC समिट में आमंत्रित किया था, और यह यात्रा उस बातचीत का परिणाम हो सकती है.

