होम = News Top = टैरिफ धमकी के बीच ट्रंप का यूटर्न, ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका ने लिया बड़ा फैसला; जानिए क्या है वजह

टैरिफ धमकी के बीच ट्रंप का यूटर्न, ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका ने लिया बड़ा फैसला; जानिए क्या है वजह

US-NATO Relations: ग्रीनलैंड को लेकर यूरोपीय देशों पर टैरिफ और सैन्य विकल्पों की चर्चा के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने रुख में नरमी दिखाई है। विश्व आर्थिक मंच (WEF) के दौरान नाटो महासचिव मार्क रुट्टे से हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद ट्रंप ने प्रस्तावित टैरिफ फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया है। यह कदम उनके रुख में व्यावहारिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

टैरिफ लगाने का फैसला टला

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जानकारी देते हुए कहा कि 1 फरवरी से लागू होने वाले टैरिफ अब नहीं बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह निर्णय नाटो महासचिव मार्क रुट्टे के साथ सकारात्मक बैठक के बाद लिया गया है। ट्रंप ने लिखा, “मार्क रुट्टे के साथ हुई उपयोगी बातचीत के आधार पर हमने ग्रीनलैंड और पूरे आर्कटिक क्षेत्र को लेकर भविष्य के समझौते की रूपरेखा तय की है।”

अमेरिका-नाटो सहयोग पर जोर

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि प्रस्तावित ढांचा अमेरिका और नाटो सहयोगियों दोनों के हित में होगा, इसलिए टैरिफ लगाने का कदम वापस लिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रीनलैंड से जुड़े ‘गोल्डन डोम’ पर बातचीत जारी रहेगी। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ इस वार्ता का नेतृत्व करेंगे, और जरूरत पड़ने पर अन्य अधिकारी भी इसमें शामिल होंगे।

डेनमार्क की प्रतिक्रिया

डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोक्के रासमुसेन ने ट्रंप के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह कदम ग्रीनलैंड को लेकर अमेरिका की महत्वाकांक्षाओं के बीच सकारात्मक संकेत देता है। रासमुसेन ने कहा, “दिन की शुरुआत जैसी थी, उसका अंत उससे कहीं बेहतर हुआ।”

नाटो प्रमुख ने जताया भरोसा

नाटो महासचिव मार्क रुट्टे ने बैठक में ट्रंप को आश्वस्त किया कि संकट की स्थिति में अमेरिकी सहयोगी देश वाशिंगटन के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने 9/11 के बाद नाटो की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि सहयोगियों ने अफगानिस्तान में अमेरिकी सेनाओं के साथ लड़ाई लड़ी थी। ट्रंप ने इस भरोसे की सराहना की और रुट्टे को विश्वासपात्र बताया, हालांकि ग्रीनलैंड को लेकर पूर्व तनाव ने कुछ संदेह पैदा किया था।

ग्रीनलैंड पर सैन्य रुख से पीछे हटे ट्रंप

दावोस में भाषण के दौरान ट्रंप ने ग्रीनलैंड पर सैन्य नियंत्रण के पहले के बयान से दूरी बनाई। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है और आर्कटिक क्षेत्र में वैश्विक प्रतिस्पर्धा के कारण इसका रणनीतिक महत्व बढ़ गया है। ट्रंप ने इसे “बर्फ का एक छोटा टुकड़ा” बताते हुए कहा कि उनकी मांग सीमित है, और यह विश्व शांति और सुरक्षा में योगदान दे सकता है।

ये भी पढ़ें: टैरिफ चेतावनियों के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, पीएम मोदी की करता हूं बहुत इज्जत; जल्द होगी ट्रेड डील