होम = PM Modi = शहबाज शरीफ के सामने ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, “मेरे बहुत अच्छे मित्र…..”

शहबाज शरीफ के सामने ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ, “मेरे बहुत अच्छे मित्र…..”

by | Oct 14, 2025 | PM Modi, दुनिया

Trump Praise PM Modi : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को भारत और पीएम मोदी का नाम लिए बिना उनकी सराहना करते हुए कहा कि “भारत एक महान देश है, जिसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं।” ट्रंप ने यह बयान मिस्र के शर्म अल शेख शहर में विश्व नेताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिया। इस सम्मेलन का आयोजन गाजा में इज़राइल और हमास के बीच लगभग दो साल से चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए युद्धविराम समझौते के बाद किया गया था। ट्रंप ने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है, “भारत और पाकिस्तान आपस में बहुत अच्छे संबंधों के साथ रहेंगे।”

भारत को लेकर पाक को दी सलाह

ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर देखते हुए कहा, “भारत एक महान देश है, और उसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं। उन्होंने बेहद सराहनीय काम किया है। मुझे विश्वास है कि भारत और पाकिस्तान मिलकर आपसी तालमेल के साथ बहुत अच्छी तरह रह सकते हैं।”

शरीफ और पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की प्रशंसा करने के बाद ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को मंच पर आकर सभा को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया। शरीफ के भाषण के बाद ट्रंप दोबारा पोडियम पर पहुंचे और उनके संबोधन की सराहना करते हुए उसे शानदार बताया। इसके साथ ही उन्होंने हंसी-ठिठोली करते हुए कहा, “अब तो कहने को कुछ बचा नहीं है, चलो घर चलते हैं।”

मैंने अब तक 8 युद्ध रुकवाए हैं – ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि उन्होंने अब तक कुल 8 युद्धों को रुकवाया है। पहले वे भारत-पाकिस्तान के बीच विवाद समेत सात संघर्षों को सुलझाने की बात करते रहे थे, लेकिन अब उन्होंने इजराइल-गाजा संघर्ष को भी इसमें शामिल करते हुए यह संख्या आठ बताई है।

नोबेल शांति पुरस्कार न मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने कहा, “8 युद्धों को रोकना मेरे लिए एक सम्मान की बात है। मैंने लाखों लोगों की जान बचाई।”

उन्होंने आगे कहा, “अभी जो नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया है, वह 2024 के लिए है। कुछ लोगों का मानना था कि मैं अपवाद बन सकता हूं, क्योंकि जिन युद्धों को मैंने रोका, वे सभी इस साल यानी 2025 की घटनाएं हैं। फिर भी, मैंने यह सब नोबेल के लिए नहीं किया। मैंने यह लोगों की ज़िंदगियां बचाने के लिए किया।”

ट्रंप लगातार लेते रहे हैं भारत-पाक सीजफायर का श्रेय

डोनाल्ड ट्रंप ने 10 मई को सोशल मीडिया पर यह घोषणा की थी कि अमेरिका की मध्यस्थता के चलते भारत और पाकिस्तान “पूर्ण और तत्काल” संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने कई बार यह दावा दोहराया कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने में उनकी अहम भूमिका रही है।

हालांकि, भारत की ओर से बार-बार स्पष्ट किया गया है कि संघर्षविराम पर सहमति दोनों देशों की सेनाओं के डीजीएमओ (DGMO) के बीच हुई सीधी बातचीत का नतीजा थी, न कि किसी बाहरी मध्यस्थता का।

Tags : PM Modi trump

बंगाल