Pakistan’s Provocative Speech Against India: पाकिस्तान से एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला गया है। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक बड़े कमांडर ने खुले मंच से न सिर्फ कश्मीर में हिंसा फैलाने की धमकी दी, बल्कि पूरे भारत में तबाही मचाने का खौफनाक बयान भी दिया है। इस बयान के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर आमिर जिया ने संगठन के एक कार्यक्रम के दौरान भारत को सीधे निशाने पर लिया। उसने मंच से भारत के खिलाफ भड़काऊ भाषण देते हुए कहा कि कश्मीर को “आजाद” कराना उनका मकसद है और इसके लिए वे किसी भी हद तक जाएंगे। उसने भारत की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनका पड़ोसी देश पीओके पर कब्जे की बात कर रहा है, लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
गजवा-ए-हिंद की खुली बात
आमिर जिया यहीं नहीं रुका। उसने अपने भाषण में तथाकथित गजवा-ए-हिंद का जिक्र करते हुए भारत के खिलाफ सभी आतंकी गुटों को एकजुट होने का आह्वान किया। उसके बयान में साफ संकेत थे कि लश्कर भारत के खिलाफ फिर से बड़े हमलों की तैयारी में है।
बांग्लादेश का भी किया जिक्र
अपने जहरीले भाषण के दौरान आमिर जिया ने बांग्लादेश में अपनी विचारधारा के फैलने का दावा भी किया। उसने वहां मारे गए उस्मान हादी का महिमामंडन करते हुए कहा कि उनके समर्थकों को रोकना आसान नहीं है। इस बयान से साफ है कि आतंकी संगठन भारत के साथ-साथ पड़ोसी देशों में भी नेटवर्क मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
पहले भी सामने आ चुका है धमकी भरा वीडियो
यह पहली बार नहीं है जब लश्कर की ओर से इस तरह की धमकी दी गई हो। इससे पहले बहावलपुर स्थित लश्कर-ए-तैयबा के चीफ सैफुल्ला सैफ का वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने भी गजवा-ए-हिंद और भारत विरोधी बयान दिए थे। उस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य भारतीय नेताओं के खिलाफ भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद फिर एक्टिव हुए आतंकी संगठन
भारत द्वारा मई 2025 में चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के पंजाब और पीओके में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया था। इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा को भारी नुकसान पहुंचा था। अब, करीब सात महीने बाद, खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है कि ये दोनों आतंकी संगठन दोबारा सक्रिय हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, लश्कर और जैश ने फिर से भर्ती शुरू कर दी है और अपने नेटवर्क को खड़ा करने में जुटे हुए हैं।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
आतंकी धमकियों के बीच भारतीय सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सीमा पार से हो रही गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी साजिश को समय रहते नाकाम किया जा सके। खुले मंच से दी गई यह धमकी सिर्फ बयान नहीं, बल्कि एक चेतावनी है और भारत अब हर कदम पर चौकन्ना है।**
ये भी पढ़ें: Gold-Silver Price: चांदी ने तोड़ा इतिहास, सोने ने छुआ नया आसमान! सर्राफा बाजार में मचा हड़कंप

