kim removes vice premier: नॉर्थ कोरिया के नेत किम जोंग उन ने डिप्टी पीएम यांग सुंग-हो को बर्खास्त कर दिया है। किम जोंग उन ने अपने आदेश में कहा कि यांग मशीन कॉम्प्लेक्स प्रोजेक्ट से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरा करने में काबिल नहीं थे।
किम ने क्यों सुनाया ऐसा फरमान
रेंसन मशीन-बिल्डिंग एसोसिएशन के पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण के पहले फेज के पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए नेता किम डिप्टी पीएम यांग की लापरवाही पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारियों की गलतियों की वजह से आर्थिक नुकसान हुआ। मालूम हो कि अपनी अर्थव्यवस्था को लेकर नॉर्थ कोरिया पहले ही कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसी के चलते किम का गुस्सा फूटा और डिप्टी पीएम को फटकार भी लगाई। किम ने मंच से ही डिप्टी पीएम से कहा, “बहुत देर होने से पहले, अपने पैरों पर खुद यहां से चले जाओ।”
किम ने कहा डिप्टी पीएम को कई मौके दिए
किम जोंग उन ने कहा कि उन्होंने यांग को र्योंगसोंग मशीन कॉम्प्लेक्स के पहले चरण के आधुनिकीकरण में हुई गंभीर गलतियों को सुधारने के लिए कई बार मौके दिए थे। इसके बावजूद काम में कोई सुधार नहीं हुआ। किम ने यह भी स्पष्ट किया कि यांग को पद से हटाना जरूरी था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें “पार्टी-विरोधी” माना जाए। किम के मुताबिक, यांग ने पार्टी की केंद्रीय समिति को ऐसे सुझाव दिए जो न तो व्यावहारिक थे और न ही सच्चाई पर आधारित थे।
यांग पर है फायदे के लिए पार्टी को गुमराह करने का आरोप
यांग पर आरोप है कि अपने फायदे के लिए पार्टी को गुमराह करने की कोशिश की थी। इसके बावजूद किम ने डिप्टी पीएम यांग को एक और मौका दिया था किम ने कहा कि इससे साफ हो गया कि था कि यांग में जिम्मेदारी की भावना बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कहा कि यांग शुरू से ऐसे ही रहे हैं और इसे किसी भी बड़ी जिम्मेदारी के लायक नहीं माना जा सकता।
उद्योग मंत्री से डिप्टी पीएम बने थे यांग
यांग सुंग-हो पहले देश के मशीनरी उद्योग के मंत्री थे। बाद में उनका प्रमोशन करके मशीनरी क्षेत्र की जिम्मेदारी संभालने वाला डिप्टी पीएम बना दिया गया। दक्षिण कोरिया की सरकारी एजेंसी योनहाप के मुताबिक, वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में भी शामिल थे, लेकिन वहां उनकी भूमिका स्थायी नहीं थी। अभी तक यह नहीं बताया गया है कि उनकी जगह अब किसे जिम्मेदारी दी जाएगी।
पिछले हफ्ते किम जोंग ने 3 अफसरों को बदला था
पिछले हफ्ते किम जोंग उन ने अपनी सुरक्षा से जुड़े टॉप मिलिट्री अफसरों को भी बदल दिया था। इसमें तीन बड़ी यूनिट के प्रमुख शामिल थे- सत्तारूढ़ पार्टी का गार्ड ऑफिस, स्टेट अफेयर्स कमीशन का गार्ड विभाग और बॉडीगार्ड कमांड।
किम ने फूफा को फांसी दे दी थी
उत्तर कोरिया में सार्वजनिक बर्खास्तगी के उदाहरण बहुत कम हैं, लेकिन पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। 2013 में किम जोंग उन के फूफा जांग सोंग-थैक को तख्ता पलट की साजिश के आरोप में फांसी दी गई थी। थैक पर तख्तापलट की साजिश के अलावा, भ्रष्टाचार, पार्टी विरोधी गतिविधियां, विदेशी ताकतों खासकर चीन के साथ गलत तरीके से रिश्ते रखना, देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए गए।
ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान में चीनी रेस्टोरेंट के बाहर हुए धमाके में 7 की मौत, ISIS ने ली ज़िम्मेदारी

