होम = Cover Story Latest = Nigeria Attack: ISIS से जुड़े समूह ने दो गांवों में किया हमला, 200 लोगों को उतारा मौत के घाट

Nigeria Attack: ISIS से जुड़े समूह ने दो गांवों में किया हमला, 200 लोगों को उतारा मौत के घाट

Nigeria Attack: पश्चिमी नाइजीरिया के क्वारा राज्य में मंगलवार (3 फरवरी 2026) की शाम दो गांवों में हुई हिंसक घटना में कम से कम 200 लोगों की जान चली गई। यह हमला हाल के महीनों में नाइजीरिया में हुए सबसे घातक हमलों में गिना जा रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय सांसद मोहम्मद उमर बायो ने बताया कि इस नरसंहार के पीछे लकुरावा नामक सशस्त्र समूह है, जो आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से जुड़ा हुआ माना जाता है। हमलावरों ने वोरो और नुकु गांवों में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौत हुई।

राहत कार्यों में कठिनाई

रेड क्रॉस के अनुसार, हमले के शिकार इलाके बेहद दूरदराज में हैं। ये गांव राज्य की राजधानी से लगभग आठ घंटे की दूरी पर स्थित हैं और बेनिन की सीमा के पास आते हैं। सड़क और संचार की खराब सुविधाओं के कारण राहत कार्य और घायल बचाव में काफी बाधा आ रही है।

कड़ी निंदा

क्वारा राज्य के गवर्नर अब्दुल रहमान अब्दुल रजाक ने इस हमले की कड़ी निंदा की और इसे कायरतापूर्ण कार्रवाई बताया। गवर्नर के अनुसार, यह हमला राज्य में चल रहे सैन्य अभियानों के जवाब में किया गया है, क्योंकि सुरक्षा बल उग्रवादी समूहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

नाइजीरिया का सुरक्षा संकट

नाइजीरिया इस समय गंभीर सुरक्षा संकट का सामना कर रहा है। देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में लंबे समय से इस्लामिक चरमपंथियों का विद्रोह जारी है। वहीं उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में अपहरण, फिरौती वसूलने और सशस्त्र डकैती जैसी घटनाओं में तेजी आई है।

आम नागरिक इन हिंसक घटनाओं का सबसे अधिक शिकार बन रहे हैं। इसी दिन एक अलग घटना में उत्तर-पश्चिमी राज्य कात्सीना के डोमा गांव में बंदूकधारियों ने कम से कम 13 लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: भारत-US के बीच 3 अरब डॉलर की P-8I डील तय, नौसेना को मिलेंगे 6 नए P-8I विमान

बंगाल