होम = दुनिया = Nepal : हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच केपी शर्मा ओली को निकाला , किराये के घर में हुए शिफ्ट

Nepal : हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच केपी शर्मा ओली को निकाला , किराये के घर में हुए शिफ्ट

by | Sep 19, 2025 | दुनिया

Nepal : नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली हालिया हिंसक प्रदर्शनों के कारण करीब नौ दिन तक सेना की सुरक्षा घेरे में रहने के बाद अब एक निजी आवास में स्थानांतरित हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार, उनका नया ठिकाना गुप्त रखा गया है, ताकि उनकी सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो।

इस्तीफे के बाद सेना बैरक में बिताए दिन

बताया जा रहा है कि 9 सितंबर को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद, बढ़ते प्रदर्शनों और हमलों के चलते ओली को राजधानी काठमांडू के उत्तरी इलाके शिवपुरी के एक सैन्य बैरक में ले जाया गया था। वहीं से वे लगातार सेना की कड़ी निगरानी में रहे। अब वे काठमांडू से लगभग 15 किलोमीटर दूर भक्तपुर जिले के गुंडू क्षेत्र में एक निजी घर में शिफ्ट हुए हैं।

ओली के घर और पीएम आवास पर हमला

जनरेशन जेड से जुड़े प्रदर्शनकारियों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि उन्होंने 9 सितंबर को भक्तपुर के बालकोट स्थित ओली के घर को आग के हवाले कर दिया। यही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री कार्यालय पर भी हमला कर उसे आंशिक रूप से जला दिया। उस वक्त ओली आधिकारिक प्रधानमंत्री निवास में मौजूद थे। सेना की तत्परता से उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया।

कई वरिष्ठ नेता भी रहे सेना की सुरक्षा में

हिंसक विरोध लहर के बीच सिर्फ ओली ही नहीं, बल्कि पूर्व प्रधानमंत्रियों में पुष्पकमल दहल ‘प्रचंड’, शेर बहादुर देउबा, झालानाथ खनल, और माधव कुमार नेपाल को भी कुछ समय तक सेना की सुरक्षा में रखा गया था। हालांकि बाद में ज्यादातर नेताओं ने सुरक्षा छोड़ दी। फिलहाल नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष देउबा और उनकी पत्नी आरजू राणा सेना की सुरक्षा घेरे में रह रहे हैं।

ये भी पढ़ेIndia-US Relations : भारत-अमेरिका रिश्तों पर पूर्व अमेरिकी अधिकारी का दावा- मोदी-ट्रंप की समझ ने नहीं होने दी दरार

संविधान दिवस पर अलग कार्यक्रम

इधर, राजनीतिक गतिविधियां भी जारी हैं। केपी ओली की पार्टी (Nepal) सीपीएन-यूएमएल ने घोषणा की है कि 19 सितंबर को संविधान दिवस के अवसर पर ललितपुर जिले के च्यासल स्थित केंद्रीय कार्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

Tags : Nepal