Sydney shooting: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान हुई भीषण फायरिंग ने देश को हिला दिया। जांच में खुलासा हुआ है कि हमलावर रिश्ते में बाप-बेटे थे। 50 वर्षीय साजिद अकरम और उसका 24 वर्षीय बेटा नवीद अकरम कथित तौर पर वीकेंड मनाने और मछली पकड़ने के बहाने घर से निकले थे, लेकिन समुद्री तट पर उत्सव मना रहे लोगों पर गोलियां बरसा दीं।
अब तक 16 लोगों की मौत
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, हमले में 16 लोगों की मौत हुई और 40 से अधिक घायल हैं। पुलिस कार्रवाई में साजिद अकरम मारा गया, जबकि नवीद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से छह लाइसेंसी हथियार बरामद हुए हैं। साजिद के पास करीब दस साल से गन लाइसेंस था और वह एक गन क्लब का सदस्य भी था। पुलिस ने यह भी बताया कि संदिग्धों की एक गाड़ी से संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है, जिसकी जांच जारी है।
पाकिस्तान से कनेक्शन?
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नवीद अकरम पाकिस्तानी नागरिक बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया चल रही है। नवीद ऑस्ट्रेलिया में राजमिस्त्री का काम करता था, लेकिन दो महीने पहले उसकी नौकरी चली गई थी। उसकी मां ने मीडिया को बताया कि नवीद शांत स्वभाव का था और घर से निकलते वक्त उसने फिशिंग पर जाने की बात कही थी।
प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि यह हमला हनुक्का के पहले दिन यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर किया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क और संभावित आतंकी कनेक्शन की गहन जांच कर रही है।
ये ही पढ़े: हवा थमी, जहर बढ़ा, दिल्ली-NCR में प्रदूषण ने तोड़े रिकॉर्ड, घने कोहरे से दृश्यता बेहद कम

