Imran Khan Health Rumours: पाकिस्तान इन दिनों गहरे राजनीतिक संकट में धंसता दिख रहा है। पूर्व PM इमरान खान की सेहत और ‘गायब स्थिति’ को लेकर फैली अफवाहों ने पूरे देश में बवाल खड़ा कर दिया है। इसी बीच हजारों PTI समर्थक रावलपिंडी की आदियाला जेल के बाहर जुट गए हैं, जिससे हालात बेकाबू होते दिख रहे हैं। भीड़ को रोकने के लिए पूरे रावलपिंडी में धारा 144 लागू कर दी गई है, फिर भी प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहे।
अफवाहों से भड़की आग
सोशल मीडिया पर इमरान खान की मौत की अफवाहें वायरल होने लगीं, जिसके बाद PTI समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया। इमरान के बेटों ने सरकार से “जीवित होने का प्रमाण” मांगा है, जबकि उनकी बहनों ने जेल अधीक्षक और अधिकारियों के खिलाफ अदालत में अवमानना याचिका दायर कर दी है। इमरान की बहन ने सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को “सबसे दमनकारी तानाशाह” बताते हुए कहा “अगर इमरान या उनकी पत्नी को कुछ हुआ, तो इसकी जिम्मेदारी मुनीर की होगी।”
जेल के बाहर रातभर धरना
PTI समर्थक और खैबर पख्तूनख्वा के CM सोहेल अफरीदी ने आठवीं बार इमरान से मिलने की कोशिश की, पर अनुमति न मिलने पर वे रातभर जेल के बाहर धरने पर बैठ गए। आज वे आदियाला जेल के बाहर बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान कर चुके हैं। इसके बाद पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने जाति उमरा से जेल तक जाने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
राष्ट्रपति शासन की तैयारी
उधर हालात बिगड़ने पर शहबाज शरीफ सरकार ने खैबर पख्तूनख्वा में राष्ट्रपति शासन (Governor’s Rule) लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। एक केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य में “सुरक्षा और शासन संबंधी समस्याओं” के कारण यह कदम आवश्यक हो सकता है। अंतिम निर्णय राष्ट्रपति करेंगे।पाकिस्तान में हालात किसी भी वक्त विस्फोटक मोड़ ले सकते हैं, इमरान की ‘गायब खबर’ ने पूरे पाकिस्तान को हिला दिया है।

