GOAT India Tour: अर्जेंटीना के फुटबॉल आइकन लियोनल मेसी सोमवार को अपने भारत दौरे के आखिरी चरण में नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। सुबह करीब 10:45 बजे राजधानी आगमन के साथ ही उनका व्यस्त और हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम शुरू होगा। दिल्ली पहुंचते ही मेसी एक प्रमुख होटल में लगभग 50 मिनट के ‘मीट एंड ग्रीट’ सेशन में शामिल होंगे, जहां चुनिंदा मेहमानों से मुलाकात करेंगे।
इसके बाद मेसी सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास जाएंगे। यहां दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक मुलाकात और बातचीत प्रस्तावित है। पीएम से मुलाकात के बाद मेसी एक सांसद के आवास पर देश के मुख्य न्यायाधीश और भारतीय सेना प्रमुख से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। बताया जा रहा है कि यह आवास एनसीपी नेता और पूर्व एआईएफएफ अध्यक्ष प्रफुल पटेल का है।
भारत दौरे के समापन से पहले मेसी फिरोजशाह कोटला स्टेडियम भी जाएंगे, जहां वे भारतीय क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। मेसी के दौरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और कई इलाकों में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।
GOAT का यह दौरा खेल, कूटनीति और सेलिब्रिटी पावर का अनोखा संगम माना जा रहा है।

