Landslide in Kenya’s Rift : केन्या के पश्चिमी रिफ्ट वैली इलाके से बड़ी खबर आई है। यहां लगातार हो रही भारी बारिश के कारण भीषण भूस्खलन हुआ है। इस हादसे में अब तक कम से कम 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 30 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
यह हादसा एल्गेयो मराकवेट काउंटी के पहाड़ी इलाके चेसोंगोच में हुआ, जहां तेज बारिश से मिट्टी खिसक गई और कई घर बह गए। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, 1,000 से ज्यादा घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं।
बचाव कार्य जारी
भूस्खलन के कारण कई सड़कें भी कट गई हैं, जिससे राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है। फिर भी, बचाव दल लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। सरकार ने गंभीर रूप से घायल 30 लोगों को हेलीकॉप्टर से एल्डोरेट शहर के अस्पताल में भर्ती कराया है।
स्थानीय निवासी स्टीफन किट्टनी ने बताया कि रात में उन्होंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी और तुरंत अपने बच्चों को लेकर घर से बाहर निकल गए।
लापता लोगों की तलाश जारी
आंतरिक मंत्री किपचुंबा मुरकोमेन ने कहा कि सरकार प्रभावित परिवारों के लिए नई सुरक्षित बस्तियों की व्यवस्था करने पर काम कर रही है। भारी बारिश के बावजूद बचाव अभियान जारी है और अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि जल्द ही सभी लापता लोगों का पता लगाया जा सकेगा।

