Israel Iran Attack: इजरायल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि इजरायल ने अपने खिलाफ खतरों को दूर करने के लिए ईरान पर हमला किया है। इस दौरान अमेरिका-इजरायल ने राजधानी तेहरान समेत ईरान के 30 जगहों पर हमले किए हैं।
तेहरान के डाउनटाउन में हुए 3 विस्फोट
एक रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान के डाउनटाउन में कई धमाकों की आवाज़ें सुनी गई हैं। एजेंसी ने तेहरान के डाउनटाउन में हुए तीन विस्फोटों की तस्वीरें प्रकाशित की हैं। बकौल रिपोर्ट, प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कई मिसाइलें दानेशगाह स्ट्रीट और जोम्हुरी क्षेत्र में गिरीं। इजरायली सेना ने घोषणा की कि उसने देश भर के कई इलाक़ों में हवाई हमले के सायरन बजाए हैं ताकि जनता को जवाबी कार्रवाई में इजरायल पर रॉकेट दागे जाने की संभावना के लिए तैयार किया जा सके।
इजराइल ने अपना एयरस्पेस बंद किया
इजराइल के परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने घोषणा कर बताया कि सुरक्षा संबंधी घटनाक्रमों के कारण उन्होंने इजराइल के हवाई क्षेत्र को नागरिक उड़ानों के लिए बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, “यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता से अनुरोध है कि अगली सूचना तक हवाई अड्डों की यात्रा न करें। विदेश में रहने वाले यात्रियों से अनुरोध है कि हवाई क्षेत्र के खुलने पर उड़ान के समय की जानकारी के लिए मीडिया और एयरलाइंस से संपर्क करें।” उन्होंने बताया कि सुरक्षा स्थिति सामान्य होते ही हवाई क्षेत्र खोल दिया जाएगा और इजराइल से आने-जाने वाली उड़ानें फिर से शुरू हो जाएंगी। उड़ानों के फिर से शुरू होने की तारीख से 24 घंटे पहले इसकी घोषणा कर दी जाएगी।

