Imran Khan Death Rumors: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर बुधवार को तब हड़कंप मच गया जब सोशल मीडिया पर उनकी मौत की अफवाह फैल गई। अफगानिस्तान टाइम्स नाम के एक एक्स अकाउंट ने दावा किया कि अदियाला जेल में इमरान खान की “रहस्यमयी तरीके से हत्या” कर दी गई है और उनकी “लाश को बाहर ले जाया गया।” यह खबर फैलते ही उनके समर्थकों और पीटीआई कार्यकर्ताओं की भीड़ जेल के बाहर जमा हो गई। हालांकि यह पहली बार नहीं था जब ऐसी अफवाह उड़ी। इससे पहले भी मई में विदेश मंत्रालय का फर्जी दस्तावेज वायरल हुआ था, जिसमें उनकी न्यायिक हिरासत में मौत का दावा किया गया था।
परिवार ने क्यों जताई मौत की आशंका?
इमरान खान के बेटे कासिम खान ने आरोप लगाया कि कोर्ट आदेश के बावजूद उन्हें अपने पिता से मिलने नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि न फोन, न मुलाकात और न ही उनके जिंदा होने का कोई सबूत दिया गया। कासिम के मुताबिक यह “ब्लैकआउट” सुरक्षा नहीं, बल्कि हालात छिपाने की साज़िश है।इमरान की तीनों बहनों नुरीन, अलीमा और उजमा ने भी आरोप लगाया कि भाई से मिलने की कोशिश पर पुलिस ने उन्हें बेरहमी से पीटा। उनका कहना है कि तीन हफ्तों से ज्यादा समय से जेल प्रशासन मुलाकात की इजाजत नहीं दे रहा।
‘इमरान है गायब
पीटीआई (PTI) नेताओं का दावा है कि 4 नवंबर के बाद से किसी ने भी इमरान को नहीं देखा। उनका कहना है कि उन्हें बेहद खराब स्थिति में रखा गया है और उनकी सेहत को लेकर गंभीर चिंता है। पार्टी नेताओं और कानूनी टीम की मुलाकात भी रोक दी गई है, जो जेल मैनुअल के खिलाफ है। सरकार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। प्रधानमंत्री के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने कहा कि इमरान “सुरक्षित, स्वस्थ और जेल में ही हैं।” अधिकारियों के अनुसार डॉक्टर रोज़ाना उनका मेडिकल चेकअप करते हैं और उन्हें किसी भी तरह का खतरा नहीं है।
क्यों जेल में हैं इमरान खान?
अगस्त 2023 में उन्हें तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराया गया। उन पर कीमती सरकारी उपहारों की अवैध बिक्री का आरोप है। इसके बाद जनवरी 2025 में उन्हें जमीन घोटाले के मामले में 14 साल की सजा सुनाई गई। उनकी पत्नी बुशरा बीबी भी इस मामले में सजा काट रही हैं।
अफवाह या साजिश?
इमरान की मौत की खबर अभी अफवाह साबित हुई है, लेकिन परिवार से लगातार संपर्क रोकना कई सवाल जरूर खड़े करता है। फिलहाल सच पर पर्दा है और पाकिस्तान का सियासी तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा।
ये भी पढ़े: इजरायल का सीरिया पर रात के सन्नाटे में धावा,13 लोगों की मौत की पुष्टि, गांव में फैली चीखें…

