Epstein Files: अमेरिका में कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े मामले ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर सनसनी फैला दी है। अमेरिकी न्याय विभाग ने शुक्रवार रात एपस्टीन जांच से संबंधित करीब तीन लाख दस्तावेज सार्वजनिक किए हैं। इन फाइल्स के सामने आने के बाद राजनीति, हॉलीवुड और कारोबारी जगत से जुड़े कई बड़े नामों को लेकर बहस तेज हो गई है।
3,500 फाइलों का खुला राज
न्याय विभाग के अनुसार, ये दस्तावेज सात अलग-अलग सेट में जारी किए गए हैं। पहले चार सेट सार्वजनिक किए गए थे, जबकि कुछ ही घंटों बाद तीन और सेट जारी कर दिए गए। कुल मिलाकर लगभग 3,500 फाइलें सामने आई हैं, जिनमें तस्वीरें, ईमेल, जांच नोट्स और अन्य आधिकारिक रिकॉर्ड शामिल हैं। इनका कुल डेटा आकार करीब 2.5 जीबी बताया जा रहा है। हालांकि कई तस्वीरों के संदर्भ और समय को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।
बिल क्लिंटन को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा
जारी फाइल्स में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से जुड़ी तस्वीरों ने सबसे अधिक ध्यान खींचा है। कुछ तस्वीरों में उन्हें पार्टी और पूल के आसपास अन्य लोगों के साथ देखा गया है। क्लिंटन के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा है कि उन्हें गलत तरीके से निशाना बनाया जा रहा है। वहीं न्याय विभाग ने साफ किया है कि इन दस्तावेजों से किसी बड़े नाम की सीधी आपराधिक संलिप्तता का नया ठोस सबूत सामने नहीं आया है।
इन मशहूर हस्तियों के नाम आए सामने
दस्तावेजों में जिन जानी-मानी हस्तियों का जिक्र या तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें शामिल हैं-
डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन, माइकल जैक्सन, ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू, ओप्रा विन्फ्रे, केविन स्पेसी, क्रिस टकर और रिचर्ड ब्रैनसन।
ट्रंप के आदेश के बाद खुलीं फाइल्स
डोनाल्ड ट्रंप ने 18 नवंबर को एक आदेश पर हस्ताक्षर कर एपस्टीन से जुड़े सभी दस्तावेज 30 दिनों में सार्वजनिक करने को कहा था। 19 दिसंबर को यह समयसीमा पूरी होने के बाद ये फाइल्स जारी की गईं।
मैक्सवेल पर गंभीर आरोप
दस्तावेजों में एपस्टीन की करीबी सहयोगी घिस्लेन मैक्सवेल पर भी गंभीर आरोप दर्ज हैं। आरोप है कि उन्होंने नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर एपस्टीन के संपर्क में लाने में भूमिका निभाई। कुछ फाइल्स अभी जांच और राष्ट्रीय सुरक्षा कारणों से रोकी गई हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि एपस्टीन फाइल्स का यह खुलासा आने वाले दिनों में अमेरिकी राजनीति और सेलिब्रिटी दुनिया में नई बहस और दबाव पैदा करेगा।
ये भी पढ़े: टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारतीय टीम का ऐलान, शुभमन गिल बाहर, ईशान किशन की बड़ी वापसी

