Attack in Khyber Pakhtunkhwa: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में दो बम हमलों और पुलिस और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी में कम से कम 14 सुरक्षाकर्मी और एक बच्चे समेत तीन आम लोग मारे गए। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलों में एक चेकपॉइंट और एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया गया। सेना ने मंगलवार को बताया कि बाजौर जिले में आतंकवादियों ने एक चेकपॉइंट के पास विस्फोटक से भरी गाड़ी को दीवार से टकरा दिया, जिससे 11 सुरक्षाकर्मी और एक लड़की मारे गए।
पाकिस्तान सेना के मीडिया विंग आईएसपीआर के अनुसार, सोमवार रात को उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बाजौर में एक आत्मघाती बम विस्फोट हुआ, जिसमें मेलेंज क्षेत्र में एक सुरक्षा चौकी को निशाना बनाने का प्रयास किया। स्थानीय पुलिस के अनुसार, इस घटना में एक बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि पास के घरों में रहने वाले आठ अन्य नागरिक घायल हो गए, जिनमें सात बच्चे शामिल हैं।
रिहायशी इमारतों को पहुंचा नुकसान
मिलिट्री के बयान में कहा गया है कि धमाके से आस-पास की रिहायशी इमारतों में बहुत ज्यादा तबाही हुई, जिससे एक मासूम लड़की की मौत हो गई और सात घायल हो गए। एक सिक्योरिटी अधिकारी ने कहा कि गाड़ी एक धार्मिक कॉलेज की दीवार से टकरा गई। अधिकारी ने कहा कि बन्नू शहर में एक और हमले में मिरयान पुलिस स्टेशन पर एक रिक्शे में रखा बम फट गया, जिसमें दो आम लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए।
खैबर पख्तूनख्वा में शांगला ज़िले में एक सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन पुलिसवाले और तीन आतंकवादी मारे गए। खैबर पख्तूनख्वा पुलिस फोर्स ने सोमवार को एक बयान में कहा कि मारे गए तीनों आतंकवादी चीनी नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में शामिल थे। बीजिंग ने हाल के सालों में पाकिस्तान में अरबों डॉलर डाले हैं, लेकिन चीन के पैसे से चल रहे प्रोजेक्ट्स से गुस्सा भड़क गया है, और उनके नागरिकों पर अक्सर हमले हुए हैं।
ये भी पढ़ेंः पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बढ़ा तनाव, BLA ने 7 पाकिस्तानी सैनिकों को बनाया बंधक

