होम = State = उत्तर प्रदेश = गाजियाबाद में आवारा कुत्तों के आतंक से राहत, 2.43 करोड़ की लागत से बनेगा तीसरा एबीसी सेंटर

गाजियाबाद में आवारा कुत्तों के आतंक से राहत, 2.43 करोड़ की लागत से बनेगा तीसरा एबीसी सेंटर

Dog Attack in Ghaziabad : गाजियाबाद में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे शहरवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। औसतन हर दिन 200 डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में तीसरा एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर बनाने की योजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। यह सेंटर विजयनगर जोन के सिद्धार्थ विहार में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा।

आवारा कुत्तों की आबादी नियंत्रित करने में मदद

नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक ने बताया कि 300 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनने वाला यह सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें डॉग केयर सेंटर, मेडिसिन रूम, ऑपरेशन थिएटर और चिकित्सक कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस सेंटर की स्थापना से प्रतिदिन 30 से 40 कुत्तों का बधियाकरण संभव हो सकेगा, जिससे आवारा कुत्तों की आबादी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। निविदा प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।

सेंटर फरवरी 2026 तक तैयार होने की उम्मीद

वर्तमान में गाजियाबाद में नंदग्राम के नदी पार्क में एक एबीसी सेंटर संचालित है, जहां प्रतिदिन लगभग 30 कुत्तों का बधियाकरण किया जा रहा है। इसके अलावा, सिटी जोन में नए बस अड्डे के पीछे दूसरा सेंटर निर्माणाधीन है, जिसकी क्षमता प्रतिदिन 40 कुत्तों की होगी। यह सेंटर फरवरी 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है। तीसरे सेंटर के बनने से कुल मिलाकर प्रतिदिन 100 से अधिक कुत्तों का बधियाकरण संभव होगा, जो शहरवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

कुत्तों के हमले की कई घटनाएं बढ़ रही

आवारा कुत्तों के कारण बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से खतरा रहता है। हाल ही में कुत्तों के हमले की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें लोग घायल हुए हैं। नगर निगम का यह कदम न केवल सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देगा, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी शांति बनाए रखने में मदद करेगा।

कपिल मेहरा- गाजियाबाद

ये भी पढ़े : योगी सरकार के फॉरेंसिक विभाग के विस्तार से यूपी में अपराध नियंत्रण, पुलिस जांच में तेजी