होम = State = उत्तर प्रदेश = गाजियाबाद में पुलिस की चौकसी के बीच थाने के सामने से बाइक चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

गाजियाबाद में पुलिस की चौकसी के बीच थाने के सामने से बाइक चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Ghaziabad: कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह से चाक-चौबंद हैं। यही वजह है कि गाजियाबाद-मेरठ मार्ग पर प्रशासन की तरफ से रोड पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। हालांकि, इन सभी तैयारियों के बीच एक ऐसी घटना ने पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसमें मोदीनगर थाने के सामने से एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई।

पुलिस ने बनाए हैं कई चेकपॉइंट्स

दरअसल, गाजियाबाद-मेरठ मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और कावड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कई चेकपॉइंट्स बनाए हैं। गाजियाबाद (Ghaziabad) प्रशासन ने 30 जून तक सड़कों को गड्ढा-मुक्त करने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से सड़कों पर भारी पुलिस बल, पीएसी, और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।

थाने के पास से चोरी हुई बाइक

इन तमाम सुरक्षा इंतजामों के बावजूद, शुक्रवार यानी 18 जुलाई की देर रात मोदीनगर (Ghaziabad) थाने के पास एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। जहां कावड़ देखने गए अबूपुर गांव के निवासी युवराज चौधरी की मोदीनगर थाने के पास से उनकी बाइक चोरी हो गई। बड़ी बात यह है कि जिस समय घटना हुई उस समय थाने के पास पुलिसकर्मी भी तैनात थे। साथ ही कावड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए सघन निगरानी का दावा भी किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें: “गलती दोबारा हुई तो…”, सीट बंटवारे और प्रत्याशियों के चयन में देरी को लेकर उद्धव ठाकरे का बड़ा बयान

पीड़ित युवराज ने पुलिस को सूचना दी और सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी बाइक की बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि थाने के सामने ऐसी घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है। हालांकि पुलिस ने उनकी तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर मोटरसाइकिल बरामद कर ली जाएगी।

यह भी देखें: India vs Pakistan Hockey: भारत-पाक खेल मुकाबलों पर सियासत गरम, Mandaviya के बयान ने बढ़ाई हलचल |

संवाददाता- कपिल मेहरा