होम = State = उत्तर प्रदेश = ग्रेटर नोएडा में स्वतंत्रता दिवस के लड्डू में निकला मरा हुआ कॉकरोच, सोसाइटी में हड़कंप

ग्रेटर नोएडा में स्वतंत्रता दिवस के लड्डू में निकला मरा हुआ कॉकरोच, सोसाइटी में हड़कंप

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला ग्रीनशायर सोसाइटी में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हुई एक घटना ने लोगों की खुशी को चिंता और गुस्से में बदल दिया। सोसाइटी में 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद बांटे गए लड्डू में मरा हुआ कॉकरोच मिलने से निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना न सिर्फ स्वास्थ्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है, बल्कि सोसाइटी के मेंटेनेंस सिस्टम की लापरवाही को भी उजागर करती है।

क्या है पूरा मामला

मिली जानकारी के मुताबिक, हर साल की तरह इस बार भी सोसाइटी में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मिठाई वितरण का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के समापन के बाद बच्चों और बड़ों को लड्डू बांटे गए। इसी दौरान एक लड्डू में मरा हुआ कॉकरोच मिलने की जानकारी सामने आई। घटना की तस्वीरें और वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। सोसाइटी के निवासी कपिल ने बताया कि यह सीधा-सीधा लापरवाही का मामला है और मेंटेनेंस टीम ने निवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि लड्डू में कॉकरोच निकलना बेहद गंभीर मामला है, खासकर तब जब इन्हें बच्चों और बुजुर्गों को दिया गया हो। कपिल ने खाद्य सुरक्षा विभाग से तुरंत जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया

घटना के बाद निवासियों ने सामूहिक रूप से सोसाइटी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। उनका कहना है कि मेंटेनेंस टीम को भोजन तैयार करवाने और वितरित करने की प्रक्रिया में पूरी सावधानी बरतनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब देशभर में 15 अगस्त के उत्सव को लेकर लोगों में खुशी और देशभक्ति का माहौल था। लेकिन इस तरह की लापरवाहियां न केवल उत्सव का मजा खराब करती हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी खतरा पैदा करती हैं।

ये भी पढ़े : सावन खत्म होते ही बिहार में मटन-चिकन की बाढ़, पहले ही 100 करोड़ का कारोबार