Viral Video: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और हंसी रोक भी नहीं पा रहे। बताया जा रहा है कि यह मामला सलेमपुर इलाके का है, जहां एक ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश हुई, लेकिन अंदाज़ बिल्कुल फिल्मी और अजीबोगरीब रहा।
क्या है वायरल वीडियो का सच?
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक ज्वेलरी शॉप में घुसते ही पिस्तौल निकाल लेता है। दुकानदार उसे तुरंत देख लेता है और बिना घबराए, धीरे-धीरे काउंटर से सटे सेफ रूम की ओर बढ़ने लगता है। बदमाश भी हौले-हौले चलते हुए काउंटर के पास आता है और पिस्तौल तानकर पूछता है “कहां उधर जा रहे हैं?”
दुकानदार दरवाजे के पीछे खुद को छुपाते हुए बड़े ही शालीन अंदाज़ में जवाब देता है “आ तो रहे हैं।” बदमाश उसे बार-बार बुलाता है “इधर आइए।” जवाब में दुकानदार कहता है “बोलो भी जी!” यह संवाद सुनकर ऐसा लगता है मानो दोनों किसी आम बातचीत में उलझे हों, न कि लूट की कोशिश में।
कुछ ही सेकंड बाद दुकानदार सेफ रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर लेता है। यह देखकर बदमाश भी बिना किसी हड़बड़ी के दुकान से बाहर निकल जाता है। न कोई हाथापाई, न चीख-पुकार, और न ही कोई नुकसान।
मिली जुली प्रतिक्रिया आई सामने
सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे देखकर सवाल उठा रहे हैं कि यह घटना असली है या फिर किसी ने जानबूझकर रील बनाई है। कुछ यूजर्स का कहना है कि हो सकता है किसी लुटेरा गैंग ने अपने नए रंगरूट को पहली “ड्यूटी” दी हो, जो पहले ही मिशन में फेल हो गया।
फिलहाल पुलिस की ओर से इस वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह “शराफत भरी लूट की कोशिश” लोगों के लिए चर्चा का विषय जरूर बन गई है।
ये भी पढ़ें: सिर्फ 45 मिनट में 82 किलोमीटर का सफर, 22 फरवरी को PM मोदी करेंगे नमो भारत ट्रेन का उद्घाटन

