अगर आप अपने परिवार के साथ दिल्ली घूमने का प्लान बना रहे हैं और बजट कम है, तो चिंता की कोई बात नहीं। दिल्ली में ऐसी कई जगहें हैं जहां आप कम खर्च में ऐतिहासिक और खूबसूरत स्थल देख सकते हैं। आइए जानते हैं दिल्ली की बजट-फ्रेंडली हॉटस्पॉट्स।
- इंडिया गेट
दिल्ली की शान और राष्ट्रीय प्रतीक इंडिया गेट घूमने के लिए बिल्कुल मुफ़्त है। यहां प्रवेश शुल्क नहीं लगता। इंडिया गेट के आस-पास स्ट्रीट फूड भी बेहद सस्ता है, चाय मात्र 15 रुपए और खाने-पीने का बाकी सामान 50 रुपए तक मिल जाता है। इंडिया गेट के पास ही अमर शहीद पार्क भी है, जहां आप बिना किसी शुल्क के आराम से घूम सकते हैं।
- अग्रसेन की बावली
कनॉट प्लेस के पास स्थित अग्रसेन की बावली ऐतिहासिक महत्व की जगह है और कई फिल्मों की शूटिंग का गवाह रही है। यह जगह फोटो और सेल्फी लेने के लिए परफेक्ट है। खास बात यह है कि यहां भी कोई प्रवेश शुल्क नहीं है और आप पूरी तरह निशुल्क इसका आनंद ले सकते हैं।
- हुमायूं का मकबरा
अगर आप थोड़ी बहुत एंट्री फीस दे सकते हैं, तो हुमायूं का मकबरा बेहतरीन विकल्प है। प्रवेश शुल्क केवल 35 रुपए है। यहां आप परिवार के साथ घंटों बिता सकते हैं। मकबरे के पास ही हुमायूं म्यूजियम भी है, जिसकी टिकट 35-40 रुपए है।
इसके अलावा, मकबरे और म्यूजियम के पास सुंदर नर्सरी भी है, जो हरियाली और खुली जगहों के लिए मशहूर है। पिकनिक या रिलैक्स करने के लिए यह जगह परफेक्ट है। पास-पड़ोस में रेस्टोरेंट भी हैं, जहां आप स्वादिष्ट भोजन का आनंद ले सकते हैं।
- लोधी गार्डन
लोधी गार्डन दिल्ली का सबसे बड़ा हरा-भरा गार्डन है। 90 एकड़ में फैले इस पार्क में घूमना मुफ़्त है। यह जगह खान मार्केट और सफदरजंग मकबरे के बीच स्थित है। यहां की हरियाली और खुली जगहें शहरी जीवन की भाग-दौड़ से राहत देती हैं।
