Data Center Hub In Telangana: हैदराबाद टेक दिग्गज अमेज़न ने भारत में अपने निवेश की रफ्तार को सुपरचार्ज कर दिया है। भारत में 35 बिलियन डॉलर निवेश की घोषणा के ठीक एक दिन बाद ही अमेज़न की क्लाउड सर्विस कंपनी AWS (Amazon Web Services) ने तेलंगाना सरकार के साथ एक मेगा फ्रेमवर्क एग्रीमेंट साइन किया है। इसके तहत कंपनी अगले 14 साल में 7 बिलियन डॉलर यानी करीब ₹63,000 करोड़ हैदराबाद में अपने डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को विस्तार देने में लगाएगी, यह निवेश दक्षिण भारत के टेक लैंडस्केप को पूरी तरह बदलने वाला साबित हो सकता है।
डेटा सेंटर का सबसे बड़ा विस्तार
AWS का यह निवेश 2020 में किए गए 2.7 बिलियन डॉलर वाले ऐलान का विस्तार है। उसी योजना के तहत AWS ने 2022 में हैदराबाद में अपना *एशिया पैसिफिक (Hyderabad) रीजन शुरू किया था, मुंबई के बाद भारत का दूसरा बड़ा AWS रीजन। बाद में इस निवेश को 2030 तक बढ़ाकर 4.4 बिलियन डॉलर करने की योजना बनाई गई। अब नए 7 बिलियन डॉलर के साथ हैदराबाद भारत का सबसे बड़ा और सबसे तेज़ी से बढ़ता क्लाउड डेटा सेंटर हब बनने की ओर है, जो AI, क्लाउड, स्टार्टअप्स और सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म्स को नई ऊंचाई देगा।
तेलंगाना सरकार की बड़ी तैयारी
Telangana Rising Global Summit के दौरान हुए इस समझौते पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने कहा “अमेज़न जैसे दिग्गजों का भरोसा दिखाता है कि दुनिया हमारी सरकार और 2047 तक 3 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर विश्वास करती है।” राज्य के आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि यह निवेश हैदराबाद को भारत की डेटा सेंटर राजधानी बनाएगा और रोजगार, इनोवेशन व AI सेक्टर में तेजी लाएगा।
AWS इंडिया का बड़ा बयान
AWS इंडिया और साउथ एशिया के प्रेसिडेंट संदीप दत्ता ने कहा “यह समझौता भारत की डिजिटल प्रगति और ग्लोबल टेक हब के रूप में तेलंगाना की उभरती ताकत में AWS की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” तेलंगाना का यह समझौता देश के डिजिटल भविष्य को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है और हैदराबाद वैश्विक डेटा हब बनने की सीधी राह पर है।
ये भी पढ़े: उड़ान रद्द और देरी के बाद इंडिगो ने उठाया बड़ा कदम, विशेषज्ञ करेंगे जांच

