Airtel Jio Vi Expensive Plans: मोबाइल यूजर्स के लिए नया साल महंगा साबित हो सकता है। जियो, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया के रिचार्ज प्लान 10–12% तक बढ़ाए जा सकते हैं, ऐसी चर्चाएं लंबे समय से चल रही थीं, लेकिन अब पेमेंट ऐप्स द्वारा भेजे जा रहे अलर्ट ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। जबकि तीनों कंपनियों ने अभी तक किसी भी बढ़ोतरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
किस वजह से बढ़ा सस्पेंस?
टेलीकॉम इंडस्ट्री में पहले से दावा किया जा रहा है कि दिसंबर 2025 के अंत या नए साल की शुरुआत में बड़े पैमाने पर टैरिफ रीविजन देखने को मिल सकता है। अनुमान है कि प्रमुख प्लान्स की कीमत लगभग 12% तक उछल सकती है। इसी बीच X प्लेटफॉर्म पर एक टिप्सटर ने बताया कि पेमेंट ऐप्स यूजर्स को नोटिफिकेशन भेज रहे हैं कि 1 दिसंबर से रिचार्ज रेट महंगे हो जाएंगे, इसलिए अभी पुराने दामों पर रिचार्ज कर लें। यह अलर्ट सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यूजर्स में घबराहट बढ़ गई है।
पेमेंट ऐप्स की चेतावनी
कई यूजर्स ने दावा किया है कि उन्हें वित्तीय और पेमेंट ऐप्स पर संदेश मिले हैं की रिचार्ज रेट जल्द बढ़ सकते हैं, तुरंत रिचार्ज कर लें। बिना किसी आधिकारिक बयान के ऐसे नोटिफिकेशन आने पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या कंपनियां कीमत बढ़ाने की तैयारी में हैं या यह सिर्फ मार्केटिंग रणनीति है।
कौन से प्लान हो सकते हैं महंगे?
रिपोर्ट्स के मुताबिक 199 रुपये वाला मासिक प्लान 222 रुपये तक जा सकता है, जबकि 899 रुपये का लंबी वैधता वाला पैक 1006 रुपये तक पहुंच सकता है। जियो और एयरटेल पहले ही कई लो-कॉस्ट प्लान हटाकर संकेत दे चुकी हैं कि टैरिफ संशोधन करीब है। 5G इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ते खर्च को देखते हुए Vi भी इसी दिशा में कदम बढ़ा सकती है।
एयरटेल ने बढ़ाई चिंता
एयरटेल ने अचानक 121 और 181 रुपये वाले दो लोकप्रिय प्रीपेड प्लान हटाकर यूजर्स को तगड़ा झटका दिया है। ये प्लान 30 दिन की वैधता और कम कीमत में अच्छे बेनिफिट्स के लिए जाने जाते थे। प्लान का बंद होना भी टैरिफ बढ़ोतरी की संभावनाओं को और मजबूत करता है। अब यूजर्स की नजर कंपनियों की आधिकारिक घोषणा पर टिकी है क्योंकि लगता है, नया साल मोबाइल रिचार्ज पर भारी पड़ सकता है।
ये भी पढ़े: पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर फिर गोलियों की गड़गड़ाहट, कई क्षेत्रों में फायरिंग

