Marathi Language Controversy: महाराष्ट्र के ठाणे में मराठी भाषा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कलवा रेलवे स्टेशन पर एक महिला द्वारा मराठी भाषा पर विवादित टिप्पणी करना भारी पड़ गया। मामला तब तूल पकड़ गया जब महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की एक महिला पदाधिकारी ने उस महिला को कैमरे पर माफी मंगवाने के बाद थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
आपत्तिजनक टिप्पणी पर बवाल
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात की है जब एक महिला और एक पुरुष के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इस दौरान महिला ने कथित तौर पर मराठी भाषा और मराठी लोगों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जिस व्यक्ति के साथ उसका झगड़ा हुआ, वह मनसे की एक महिला पदाधिकारी का पति निकला। जब यह बात मनसे नेता को पता चली, तो उन्होंने उस महिला को ढूंढ निकाला और कैमरे के सामने उससे माफी मंगवाई।
महिला को मारा थप्पड़
वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला अपने शब्दों पर पछतावा जताते हुए माफी मांगती है और स्वीकार करती है कि उसने गलत बोला था। लेकिन जैसे ही वह अपनी बात खत्म करती है, वहीं मौजूद मनसे नेता उठकर उसे थप्पड़ मार देती हैं। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि आगे से मराठी भाषा या मराठी मानुष का अपमान न किया जाए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोग महिला की टिप्पणी की निंदा कर रहे हैं, जबकि कुछ का कहना है कि थप्पड़ मारना उचित नहीं था और कानून को अपने हाथ में लेना गलत है।
आपसी सहमति से सुलझा मामला
ठाणे राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की वरिष्ठ निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मामला आपसी सहमति से सुलझा लिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला ने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगी, जिसके बाद दोनों पक्षों ने पुलिस स्टेशन जाकर समझौता कर लिया। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना अब भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

