BJP Election Manifesto 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर सियासी मुकाबले को तेज कर दिया है। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने ‘भरोसा पत्र’ पेश करते हुए महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर कई बड़े वादे किए।
महिलाओं के लिए वादे
घोषणापत्र में सबसे बड़ा वादा महिलाओं के लिए हर महीने 3000 रुपये सीधे खाते में देने का है। इसके साथ ही बेरोजगार युवाओं को मासिक भत्ता और बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की बात कही गई है। शाह ने भरोसा दिलाया कि सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा और लंबित डीए का भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
UCC होगा लागू?
पार्टी ने छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का भी वादा किया है। साथ ही, सीमा सुरक्षा को मजबूत करने और घुसपैठ पर पूरी तरह रोक लगाने की बात कही गई। शाह ने कहा कि बंगाल को सुरक्षित बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा गया। उन्होंने ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण का वादा करते हुए कहा कि बीजेपी सत्ता में आने पर पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता देगी।
कई अहम वादे
घोषणापत्र में एक करोड़ रोजगार सृजन, उद्योगों को बढ़ावा, दार्जिलिंग चाय को वैश्विक पहचान दिलाने और महिलाओं को 33% आरक्षण देने जैसे कई अहम वादे शामिल हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार और माफिया राज खत्म करने के लिए समयबद्ध योजना की बात भी कही गई है। बीजेपी के इस आक्रामक घोषणापत्र के बाद बंगाल की सियासत में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब देखना होगा कि जनता इस ‘भरोसा पत्र’ पर कितना भरोसा जताती है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली की ओर नीतीश का कदम, राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर शुरू की नई संसदीय पारी

