West Bengal Assembly Fight : पश्चिम बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को भारी हंगामा हुआ. बंगाली प्रवासियों पर हो रहे अत्याचारों के मुद्दे पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सदन में बोल रही थीं, तभी भाजपा विधायक नारेबाजी करते हुए वेल तक पहुंच गए.
5 भाजपा विधायक निलंबित
विपक्ष की इस हरकत पर स्पीकर बिमान बनर्जी ने कार्रवाई करते हुए भाजपा के चीफ व्हिप शंकर घोष को सस्पेंड कर दिया. घोष ने बाहर जाने से इनकार किया तो मार्शलों को बुलाना पड़ा. मार्शल जबरन उन्हें सदन से बाहर ले गए, इस दौरान वह गिरकर बेहोश हो गए और एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया. घोष के अलावा भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, मिहिर गोस्वामी, बंकिम घोष और अशोक डिंडा को भी निलंबित किया गया है.
ममता बनर्जी का भाजपा पर तीखा हमला
बहस के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बंगाल विरोधी है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवासी बंगालियों पर हमले भाजपा शासित राज्यों में हो रहे हैं. ममता ने कहा कि हम हिंदी या किसी अन्य भाषा के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन भाजपा बंगाली विरोधी है. उनकी तानाशाही और औपनिवेशिक मानसिकता है. वे बंगाल को उपनिवेश बनाना चाहते हैं. भाजपा ने विदेशी ताकतों के सामने देश का सम्मान बेच दिया है. उन्होंने आगे कहा कि भाजपा भ्रष्ट लोगों की पार्टी है और जनता जल्द ही उन्हें सत्ता से बाहर कर देगी.
भाजपा की प्रतिक्रिया
वहीं,भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि उन्होंने सदन में पूरे मोदी समुदाय को गाली दी है. सुवेंदु ने घोषणा की कि वह ममता के खिलाफ केस करेंगे. गौरतलब है कि सुवेंदु अधिकारी को पहले ही 2 सितंबर को टीएमसी को पाकिस्तान का एजेंट कहने और कार्यवाही बाधित करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया था. तीन दिन का विशेष सत्र 1 सितंबर को शुरू हुआ था. 3 सितंबर को करम पूजा की छुट्टी रही और गुरुवार को सत्र का आखिरी दिन था.

