CM Dhami WFH Policy: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में ऊर्जा और ईंधन बचत को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर भारी दबाव पड़ा है। खासकर ईंधन, खाद्य पदार्थ और उर्वरकों की लागत बढ़ने से भारत भी आर्थिक दबाव और आयात निर्भरता की चुनौती का सामना कर रहा है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने ऊर्जा बचत और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए नई कार्य व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया है।
PM मोदी की अपील पर धामी सरकार एक्शन में
सीएम धामी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने मौजूदा हालात को देखते हुए नागरिकों से छोटे-छोटे व्यवहारिक बदलाव अपनाकर राष्ट्रीय प्रयासों में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसका सकारात्मक प्रभाव आम लोगों पर पड़ेगा। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार भी कई अल्पकालिक और दीर्घकालिक सुधारों को तत्काल प्रभाव से लागू कर रही है।
उत्तराखंड में ऊर्जा बचत पर फोकस
सरकार ने ऊर्जा और ईंधन की बचत के लिए कई बड़े कदम उठाने का फैसला किया है। सरकारी विभागों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकों को बढ़ावा दिया जाएगा, जबकि निजी क्षेत्रों में वर्क फ्रॉम होम को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा लोगों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री और मंत्रियों के वाहन फ्लीट में गाड़ियों की संख्या आधी की जाएगी और सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” घोषित किया जाएगा। आम लोगों से भी सप्ताह में एक दिन वाहन का इस्तेमाल न करने की अपील की जाएगी। वहीं सरकारी और निजी भवनों में एसी के सीमित उपयोग पर भी जोर दिया जाएगा

