Uttarakhand Rain Alert : उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आपातकालीन परिचालन केंद्र (EOC) ने देहरादून, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के अधिकारियों को अलर्ट जारी करते हुए जलभराव और बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के निर्देश दिए हैं।
हरिद्वार में जलभराव, गंगा खतरे के निशान के करीब
रविवार सुबह से हरिद्वार में तेज बारिश हो रही है। ज्वालापुर बाजार और आसपास के इलाकों में पानी भर गया है। दुकानों और घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। भगत सिंह चौक और भूपतवाला इलाके में भी सड़कें जलमग्न हैं। गंगा नदी इस वक्त खतरे के निशान से मात्र 40 इंच नीचे बह रही है, जिसके बाद प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
बागेश्वर में खतरे में घर, 7 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया
भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से बागेश्वर जिले के हरबाड़ गांव में 7 परिवारों के घर खतरे की जद में आ गए। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को राजकीय प्राथमिक विद्यालय और पंचायत भवन में शिफ्ट कराया है। प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से खाद्यान्न किट और राहत सामग्री वितरित की गई है। पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से गांव में जल संकट गहरा गया है।
केदारनाथ यात्रा में हादसा, एक श्रद्धालु की मौत
शनिवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ। गौरीकुंड से एक किलोमीटर ऊपर छोड़ी गधेरा के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आकर महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी परमेश्वर भीमराव खवाल (38 वर्ष) की मौत हो गई। इस हादसे से यात्रा पर आए श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई है।
ऋषिकेश में दंपति नदी में बहा
ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी को पार करने की कोशिश कर रहे एक दंपति की जान खतरे में पड़ गई। शुक्रवार शाम मायाकुंड क्षेत्र में पिंटू (26) और उनकी पत्नी लक्ष्मी (25) नदी की तेज धार में बह गए। SDRF और जल पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।
खतरे की घंटी बजा रहा मानसून
धराली हादसे से राज्य अभी उबरा भी नहीं था कि अब आठ जिलों में मूसलधार बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। प्रशासन ने लोगों को नदियों और नालों के पास जाने से बचने की अपील की है। इसके साथ ही आपदा मोचन बल (SDRF) और पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। साफ है कि उत्तराखंड में मानसून अब खतरे की घंटी बजा रहा है। बाढ़ और भूस्खलन की आशंका के बीच प्रशासन ने जनता से सतर्क रहने और जरूरी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
ये भी पढ़े : सुबह सूर्य को जल चढ़ाएं और पाएं जीवन में ऊर्जा, सम्मान और भाग्य में सुधार

