Uttarakhand news: दीपावली के मौके पर जहां बाजारों में रौनक बढ़ रही है, वहीं देहरादून प्रशासन ने मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। पिछले वर्ष कुट्टू के आटे से हुई फूड पॉइजनिंग की घटनाओं को देखते हुए इस बार जिला खाद्य आपूर्ति विभाग पूरी तरह सतर्क है।
कुट्टू आटे पर विशेष फोकस
व्रत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले कुट्टू आटे की गुणवत्ता जांच पर विभाग ने खास ध्यान दिया है। अब तक कुल 80 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 35 सैंपल कुट्टू आटे के हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सीमाओं पर कड़ी निगरानी
मिलावटी सामान को बाजारों में पहुंचने से रोकने के लिए राज्य की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। आशारोड़ी, कुल्हाल और बॉर्डर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं। आने वाले ट्रकों और माल की सघन जांच की जा रही है ताकि संदिग्ध खाद्य पदार्थ बाजार में न पहुंच सकें।
अधिकारियों की अपील- “सिर्फ प्रमाणित सामान ही बेचें”
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष सयाना ने बताया, “हमारा मकसद त्योहार को सुरक्षित और सेहतमंद बनाना है। व्यापारियों से अपील है कि केवल प्रमाणित और गुणवत्तायुक्त सामग्री ही बेचें। किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।”
उपभोक्ताओं से भी की गई सावधानी बरतने की अपील
विभाग ने उपभोक्ताओं से कहा है कि वे खरीदारी करते समय
-पैकिंग और लेबलिंग की जांच करें
-लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही सामान खरीदें,
-मिलावट की आशंका होने पर तुरंत शिकायत करें।
“स्वच्छ और सुरक्षित दीपावली”
प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मिलावटी खाद्य सामग्री पर पूरी तरह रोक लगाना और जनता को सुरक्षित व त्योहार के अनुकूल वातावरण देना है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि मिलावट में पकड़े जाने पर कड़ी सजा और जुर्माना दोनों लगाए जाएंगे।

