होम = Cover Story Big = Char Dham Yatra: चारधाम यात्रा के दौरान अब मंदिर में नहीं बना पाएंगे रील, मोबाइल-फोन और कैमरों पर लगा प्रतिबंध

Char Dham Yatra: चारधाम यात्रा के दौरान अब मंदिर में नहीं बना पाएंगे रील, मोबाइल-फोन और कैमरों पर लगा प्रतिबंध

Char Dham Yatra: उत्तराखंड में इस वर्ष चार धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए नए नियम लागू किए गए हैं। अब गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन और कैमरा ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाना और तीर्थ स्थलों की पवित्रता बनाए रखना है।

गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में मोबाइल और कैमरों की मौजूदगी से दर्शन के दौरान अव्यवस्था और बाधाएं उत्पन्न हो रही थीं, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

दर्शन से पहले जमा कराने होंगे मोबाइल

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि चार धाम यात्रा एक पवित्र धार्मिक यात्रा है, जहां श्रद्धालु आस्था और भक्ति भाव के साथ आते हैं। ऐसे में मंदिर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं को अपने मोबाइल फोन और कैमरे निर्धारित स्थानों पर जमा कराने होंगे। दर्शन के दौरान किसी भी प्रकार की फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं होगी।

बाहर फोटो लेने की रहेगी अनुमति

हालांकि, श्रद्धालु मंदिर से बाहर निकलने के बाद मंदिर को पृष्ठभूमि में रखकर फोटो और वीडियो बना सकेंगे। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वे मोबाइल और कैमरों को सुरक्षित रखने के लिए मंदिर परिसरों में अलग से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।

पिछले साल 50 लाख से अधिक श्रद्धालु

गढ़वाल आयुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष चार धाम यात्रा के दौरान करीब 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इस साल प्रशासन का लक्ष्य यात्रा को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना है।

प्रशासन का यह फैसला साफ संकेत देता है कि सरकार केवल व्यवस्थाओं पर ही नहीं, बल्कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने को लेकर भी गंभीर है। आस्था और प्रशासनिक व्यवस्था के बीच संतुलन बनाने की दिशा में इस पहल को अहम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली NCR में कड़ाके की ठंड का कहर, जहरीली हवा और कोहरे के बीच 4 डिग्री तक लुढ़का पारा