Chamoli cloudburst: चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार देर रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। घटना में तीन गांव प्रभावित हुए हैं, जहां घर और गौशालाएं मलबे में दब गईं। प्रशासन के मुताबिक अब तक 12 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
सबसे ज्यादा नुकसान कुंतरी गांव में
सबसे गंभीर स्थिति ग्राम कुंतरी लगा फाली में है, जहां 8 लोग लापता हैं और 15 से 20 भवन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। देर रात करीब तीन बजे भारी बारिश के दौरान अचानक मलबा घरों पर आ गिरा, जिससे लोग नींद में ही दब गए।

Chamoli cloudburst
राहत-बचाव कार्य जारी
एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, डीडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें राहत-बचाव में जुटी हैं। अब तक 200 से अधिक ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हालांकि, सड़कों के बंद होने और भूस्खलन के कारण टीमों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है और कई जगह पैदल मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है।

Chamoli cloudburst
मलबे से तीन लोगों को निकाला
पुलिस और डीडीआरएफ की टीमों ने मलबे से दो महिलाओं और एक बच्चे को जिंदा बाहर निकाला। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में किया जा रहा है।

Chamoli cloudburst
अन्य प्रभावित गांव
ग्राम कुंतरी सरपाणी: 2 लोग लापता, दो भवन ध्वस्त, 100 ग्रामीण सुरक्षित निकाले गए।
ग्राम धुर्मा: मोक्ष नदी के उफान पर आने से 2 लोग लापता, करीब 10 मकानों को नुकसान।
आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि लापता लोगों की तलाश और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।

