होम = Cover Story Big = ग्रेटर नोएडा में घर के बाहर घेरकर युवक को गोलियों से भूना, CCTV में कैद खौफनाक मर्डर

ग्रेटर नोएडा में घर के बाहर घेरकर युवक को गोलियों से भूना, CCTV में कैद खौफनाक मर्डर

Greater Noida Crime: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मंगलवार को एक युवक को उसके ही घर के बाहर घात लगाकर तीन हमलावरों ने गोली मार दी। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है और इलाके में दहशत फैल गई है।

बचने का मौका तक नहीं मिला

यह वारदात इकोटेक-1 थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान नितिन के रूप में हुई है। जैसे ही नितिन घर के बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे तीन हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर नितिन को जमीन पर घसीटते हैं और बेहद नजदीक से उस पर कई राउंड फायरिंग करते हैं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नितिन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश की आशंका

घटना की जानकारी देते हुए ग्रेटर नोएडा के सुधीर कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पुरानी दुश्मनी से जुड़ा लग रहा है। उन्होंने कहा कि 24 फरवरी 2026 को सचिन और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते नितिन पर हमला किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इलाके में दहशत

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी के बाद आसपास के इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

ये भी पढ़ें: नमाज बनाम चालीसा! लखनऊ यूनिवर्सिटी में फिर हंगामा, नमाज गेट पर रोक से भड़का छात्र आक्रोश

बंगाल