होम = State = उत्तर प्रदेश = कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त : 18 मंडलों में खाद की उपलब्धता व बिक्री की जानकारी

कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त : 18 मंडलों में खाद की उपलब्धता व बिक्री की जानकारी

CM Yogi on black marketing : योगी सरकार ने एक बार फिर साफ किया है कि प्रदेश में कहीं भी उर्वरकों की दिक्कत या कमी नहीं है। किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। सरकार ने खाद के अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की है। कृषि विभाग ने सभी 18 मंडलों में खाद की उपलब्धता व बिक्री की जानकारी दी। खरीफ सत्र 2024 में इस अवधि (18 अगस्त) तक 36.76 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री हुई थी, वहीं इस वर्ष अब तक 42.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की बिक्री की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने की किसानों से अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों से अपील की कि खाद का भंडारण न करें। जितनी आवश्यकता है, उतना खाद लें, जब-जब आवश्यकता है, तब-तब खाद लें। हर जनपद में शिकायत प्रकोष्ठ है। किसी भी परेशानी की स्थिति में अवगत कराएं। मुख्यमंत्री ने उर्वरक की ओवररेटिंग, कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी है। उन्होंने जनपद में तैनात अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने, किसानों से संवाद स्थापित करने और समस्याओं का निस्तारण करने का निर्देश दिया है। कृषि विभाग ने बताया कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है।

पिछले वर्ष से अधिक हुआ खाद वितरण

प्रदेश में पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अभी तक अधिक खाद वितरण किया जा चुका है। विगत वर्ष 27.25 लाख मीट्रिक टन यूरिया वितरण हुआ था, इस वर्ष अभी तक 31.62 लाख मीट्रिक टन वितरण किया जा चुका है। डीएपी 2024 में वितरण 5.28 लाख मीट्रिक टन का रहा, इस वर्ष यह बिक्री 5.38 लाख मीट्रिक टन हुई। एनपीके उर्वरक (नाइट्रोजन, फॉस्फोरस व पोटेशियम मिश्रण) का वितरण विगत वर्ष 2.07 लाख मीट्रिक टन रहा, इस वर्ष 2.39 लाख मीट्रिक टन वितरण किया जा चुका है। एमओपी (म्यूरेट ऑफ पोटाश) 0.25 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष इस वर्ष 0.46 लाख मीट्रिक टन वितरित हुआ। वहीं एसएसपी (सिंगल सुपर फॉस्फेट) का वितरण 2024 में 1.91 लाख मीट्रिक टन रहा, इस वर्ष किसानों को 2.79 लाख मीट्रिक टन वितरण किया जा चुका है।

खाद की उपलब्धता

-यूरियाः 18 अगस्त तक प्रदेश में 37.70 लाख मीट्रिक टन की उपलब्धता रही। इसमें से 31.62 लाख मीट्रिक टन की खरीद किसानों द्वारा की जा चुकी है।डीएपी: 18 अगस्त तक 9.25 लाख मी. टन की उपलब्धता रही, जिसमें से 5.38 लाख मी. टन की खरीद किसानों ने कर ली है।

-एनपीके: 18 अगस्त तक 5.40 लाख मी०टन की उपलब्धता रही। इसमें से 2.39 लाख मीट्रिक टन की खरीद किसानों ने कर ली।

-खरीफ फसलों की बुवाई का कार्य पूर्ण हो गया है। मुख्य फसल धान में टॉप-ड्रेसिंग हेतु प्रतिदिन औसतन 49564 मी०टन यूरिया की खपत/बिक्री हो रही है। गतवर्ष की तुलना में इस वर्ष 16.04% (मात्रा 4.37 लाख मी०टन) अधिक यूरिया उर्वरक की बिक्री हुई है।

यूरिया, डीएपी और एनपीके की खपत के आंकड़े

उत्तर प्रदेश के विभिन्न मंडलों में यूरिया, डीएपी और एनपीके की खपत के आंकड़े सामने आए हैं। सहारनपुर मंडल में यूरिया 18,734, डीएपी 4,577 और एनपीके 3,075 रहा। मेरठ में यूरिया की खपत 39,089, डीएपी 17,195 और एनपीके 8,858 रही। आगरा मंडल में यूरिया 43,824, डीएपी 28,329 और एनपीके 21,502 दर्ज किया गया। अलीगढ़ में यूरिया 29,597, डीएपी 18,377 और एनपीके 16,464 रहा। बरेली में यूरिया की खपत 41,610, डीएपी 20,790 और एनपीके 28,159 रही, जबकि मुरादाबाद में यह क्रमशः 46,450, 18,159 और 27,402 रही। कानपुर मंडल सबसे आगे रहा जहां यूरिया 52,100, डीएपी 41,168 और एनपीके 30,301 दर्ज किए गए। प्रयागराज में यूरिया 57,212, डीएपी 21,286 और एनपीके 25,580 रहा। झांसी में यह क्रम 28,267, 27,164 और 16,506 का रहा। चित्रकूट मंडल में यूरिया 25,650, डीएपी 9,110 और एनपीके 3,975 दर्ज किए गए। वाराणसी में यूरिया 43,294, डीएपी 27,689 और एनपीके 14,627 रहा, वहीं मीरजापुर में यह 13,626, 7,840 और 3,804 रहा। आजमगढ़ मंडल में यूरिया 34,184, डीएपी 24,481 और एनपीके 9,070, गोरखपुर में 34,126, 25,756 और 15,755 दर्ज हुआ। बस्ती में यूरिया 12,306, डीएपी 10,439 और एनपीके 4,611 रहा, जबकि देवीपाटन में 17,955, 18,681 और 9,017 दर्ज हुआ। लखनऊ में यूरिया 41,066, डीएपी 37,964 और एनपीके 36,736 रहा। अयोध्या मंडल में यूरिया की खपत 28,960, डीएपी 27,997 और एनपीके 25,250 रही। कुल मिलाकर पूरे प्रदेश में यूरिया की खपत 6,08,049, डीएपी की 3,87,003 और एनपीके की 3,00,693 दर्ज की गई।

येे भी पढ़े- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हादसा : डिवाइडर से टकराई हल्द्वानी से आ रही बस, कई सवारी घायल…