yogi adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को एटा में एक नए सीमेंट संयंत्र के उद्घाटन के अवसर पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों द्वारा देश को लूटे जाने के बाद, जो कुछ बचा, उसे कांग्रेस और सपा ने अपनी झोलियों में भर लिया.
कांग्रेस और सपा ने पहचान संकट पैदा किया है
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि 1947 में भारत को आज़ादी मिली थी और 1960 तक यह दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था. उससे पहले 17वीं और 18वीं शताबदी में हमारा देश दुनिया की नंबर एक अर्थव्यवस्था हुआ करता था. लेकिन फिर मुगलों और अंग्रेजों ने देश को लूटा और बाद में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने उस पर अपना कब्जा कर लिया.
सीएम योगी ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने देश और प्रदेश में पहचान संकट पैदा किया और दोनों दलों ने सिर्फ अपनी और अपने परिवार की भलाई की. इन दलों की संकीर्ण मानसिकता के कारण न केवल प्रदेश बल्कि पूरा देश पिछड़ता गया. उन्होंने कहा गरीबी बढ़ी,अराजकता फैली और समाज में असुरक्षा का माहौल बन गया.
ये भी पढ़ें : रूस दौरे पर पहुंचे एस जयशंकर ने चीन-ईयू को बताया भारत से बड़ा तेल खरीदार, अमेरिकी टैरिफ पर जताई नाराजगी
कांग्रेस और सपा पर आरोप
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और सपा के शासनकाल की आलोचना करते हुए यह भी आरोप लगाया कि इन दलों के तहत उत्तर प्रदेश में दंगे होना एक सामान्य बात बन गई थी. उन्होंने कहा इनकी सरकारों में न व्यापारी सुरक्षित थे, न पुलिस स्टेशन, और न ही महिलाएं.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन दलों की मानसिकता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के दृष्टिकोण से मेल नहीं खाती थी. उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान राज्य सरकार उत्तर प्रदेश को प्रगति के रास्ते पर ले जाएगी और प्रदेश के लोगों को सुरक्षा एवं विकास प्रदान करेगी.

