होम = State = उत्तर प्रदेश = अमरोहा में महिला की गला रेतकर हत्या, हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस

अमरोहा में महिला की गला रेतकर हत्या, हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस

Amroha : जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के हथियाखेड़ा गांव में मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया जब रहरा–हसनपुर मार्ग पर एक खाली प्लॉट में महिला का शव बरामद हुआ। महिला की पहचान रीना (पत्नी कुंवरपाल, निवासी मोहल्ला कोट पूर्वी, हसनपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोमवार से लापता थी महिला

जानकारी के अनुसार, रीना सोमवार शाम से लापता थी। परिवारजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने एक खाली प्लॉट में महिला का शव पड़ा देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

मृतका के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के गहरे निशान पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है।

अधीक्षक अमित कुमार ने जायजा लिया

घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने पहुंचकर जांच का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि, “मामला गंभीर है, कई पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।” वहीं, क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत और कोतवाल प्रेमपाल सिंह ने भी भारी पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतका गुलाबी सूट और हरे रंग की सलवार पहने थी। हाथों में मेहंदी और पैरों में चप्पल मिलीं, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं और नहीं बल्कि इसी इलाके में की गई हो सकती है।

ये भी पढ़े – सीतापुर : डांसरों से लूट का इनामी बदमाश हाफ एनकाउंटर में घायल, कार और नकदी बरामद

इस दिल दहला देने वाली वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत और गम का माहौल है। ग्रामीणों ने महिला हत्याकांड में जल्द से जल्द हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग की है।

दानिश मलिक, अमरोहा

Tags : Amroha

बंगाल