होम = State = उत्तर प्रदेश = गाजियाबाद में अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत, स्टाफ पर मारपीट का आरोप

गाजियाबाद में अस्पताल में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत, स्टाफ पर मारपीट का आरोप

Woman dies during delivery in Ghaziabad : गाजियाबाद के मोदीनगर में एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। मामला दूबे हॉस्पिटल, मोदीनगर का है, जहां मोदीनगर निवासी सावेज खान ने अपनी बहन बिनीस को 10 अगस्त को डिलीवरी के लिए भर्ती कराया था। इस घटना के बाद में परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान मारपीट तक की गई है।

परिजनों ने हंगामा कर लगाए गंभीर आरोप

सावेज खान के अनुसार, ऑपरेशन के बाद बिनीस ने एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन 11 अगस्त की रात करीब 10 बजे इलाज में लापरवाही के कारण उनकी बहन की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ नशे में था और जब उन्होंने इस बारे में डॉक्टर से बात करने की कोशिश की, तो विवाद शुरू हो गया। सावेज ने बताया कि डॉक्टर अनिल गर्ग, डॉक्टर सताक्षी गर्ग, उनके पिता, एम्बुलेंस ड्राइवर, अस्पताल स्टाफ और कुछ बाहरी लोगों ने मिलकर परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में अनस पुत्र मीरू, फिरोज पुत्र वहाब और कई अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।

हंगामे की वीडियो भी सामने

घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा मच गया। हंगामे की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें लोग आक्रोशित दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बेटी को इस तरह से खोने के बाद से परिजनों ने इंसाफ का मांग की है। इस मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

कपिल मेहरा- गाजियाबाद