होम = State = उत्तर प्रदेश = जहाँ अंडा-लड्डू से होती है पूजा! फिरोजाबाद के धनपुरा गाँव का अनोखा देवस्थान, जहाँ बच्चों के स्वास्थ्य के लिए मांगी जाती है मन्नत”

जहाँ अंडा-लड्डू से होती है पूजा! फिरोजाबाद के धनपुरा गाँव का अनोखा देवस्थान, जहाँ बच्चों के स्वास्थ्य के लिए मांगी जाती है मन्नत”

UP News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना नसीरपुर क्षेत्र के धनपुरा गाँव में एक ऐसा अनोखा देवस्थान है, जहाँ पूजा का तरीका बाकी मंदिरों से बिल्कुल अलग है। यहाँ भक्त भगवान को फूल-माला या मिठाई नहीं, बल्कि अंडा और लड्डू चढ़ाते हैं। मान्यता है कि इस पूजा से बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रहता है और उनके जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

धनपुरा के ग्रामीण बताते हैं कि यहाँ की परंपरा सदियों पुरानी है। जब किसी घर में बच्चे का जन्म होता है, तो परिवार के सदस्य इस देवस्थान पर विशेष पूजा कराने पहुंचते हैं। पूजा के दौरान अंडा, लड्डू, पूड़ी, पुआ और लपसी का भोग लगाया जाता है। साथ ही बच्चे का मुंडन संस्कार भी यहीं कराया जाता है। इस दिन देवस्थान पर माहौल बेहद भक्तिमय होता है- महिलाएं गीत गाती हैं, पुरुष अनुष्ठान करते हैं और बच्चे खेलते नजर आते हैं।

अलग तरह की पूजा

यह पूजा विशेष रूप से होली, दीपावली और सोमवार-शुक्रवार को की जाती है। इन दिनों यहाँ नगरसेन देवता और भूरा मसान देवता की पूजा होती है। नगरसेन देवता को पूड़ी, पुआ और लपसी का भोग लगाया जाता है, जबकि भूरा मसान देवता को अंडा और लड्डू अर्पित किए जाते हैं। लोगों का विश्वास है कि इन देवताओं की पूजा से बच्चों की रक्षा होती है और वे हर संकट से सुरक्षित रहते हैं।

इन दिनों यहाँ दूर-दराज के गाँवों से श्रद्धालु पहुँचते हैं। पुरुष, महिलाएँ और छोटे बच्चे मिलकर पूजा-अर्चना करते हैं और अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।

मेले जैसा माहौल

त्योहारों के मौके पर यहाँ मेले जैसा माहौल रहता है, आसपास के दुकानदार अंडे, प्रसाद और खिलौनों की दुकानें लगाते हैं, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक उत्सव में बदल जाता है। धनपुरा का यह देवस्थान अपनी अनोखी परंपरा और लोक आस्था के कारण न सिर्फ फिरोजाबाद, बल्कि आसपास के जिलों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है जहाँ आस्था के साथ अंडा और लड्डू दोनों ही ईश्वर को अर्पित किए जाते हैं।

ये भी पढ़े:  Dhanteras 2025 : धनतेरस पर सोना क्यों खरीदते हैं? जानें विधि, कथा और आज का खरीदारी मुहूर्त

Tags : up news

बंगाल