UP News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सोमवार सुबह एक IIT कानपुर से बीटेक पास युवती ने गंगा बैराज पुल से नदी में छलांग लगाकर अपनी जान देने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि युवती UPSC की तैयारी कर रही थी और लगातार तीन असफल प्रयासों के बाद गहरे तनाव में थी।
गंगा में लगाई छलांग
घटना सुबह करीब 6:30 बजे की है। चांदपुर तहसील में तैनात अमीन वेद प्रकाश की बेटी ललिता सिंह अपने पड़ोस की 10 साल की एक बच्ची के साथ बस से गंगा बैराज पहुंची थी। वहां उसने बच्ची को गेट नंबर-24 के पास खड़ा रहने को कहा और खुद सीधे गंगा में छलांग लगा दी। बच्ची के शोर मचाने पर राहगीर और स्थानीय लोग जुट गए। तुरंत पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अब तक युवती का कोई सुराग नहीं मिला है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, ललिता ने आईआईटी कानपुर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और बीते कुछ सालों से सिविल सर्विसेज परीक्षा (UPSC) की तैयारी कर रही थी। लगातार असफल रहने के कारण वह मानसिक दबाव में थी। परिवार के मुताबिक, उसका सपना आईएएस अधिकारी बनने का था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह बेहद चुपचाप और चिंतित रहने लगी थी।
मानसिक तनाव के कारण
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंगा बैराज पुल से पहले भी कई लोग कूद चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां ऊंची रेलिंग लगाने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस के मुताबिक, गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं। वहीं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अफसरों का कहना है कि युवती के मानसिक तनाव के कारण यह कदम उठाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़े : Women’s WC: भारत बना महिला क्रिकेट विश्व विजेता, मैदान में छाया जश्न का माहौल, 52 साल बाद इतिहास रचा !

