Vande Bharat Express: उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने अब सहारनपुर से लखनऊ के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सौगात दी है। इस रूट पर जल्द ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 26503/26504) की शुरुआत होने जा रही है। रेल मंत्रालय ने इसके संचालन को हरी झंडी दे दी है, और उद्घाटन की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
यात्रियों और व्यापारियों को बड़ा सहारा
यह अत्याधुनिक ट्रेन सप्ताह में छह दिन (सोमवार को छोड़कर) यात्रियों की सेवा में दौड़ेगी। ट्रेन का रूट सहारनपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, लखनऊ रहेगा। इस रूट पर अब तक कोई सुपरफास्ट सेमी-हाई स्पीड ट्रेन नहीं थी, ऐसे में यह नया कनेक्शन यात्रियों और व्यापारियों दोनों के लिए वरदान साबित होगा।
तैयारियां हो चुकी है पूरी
रेल मंत्रालय ने बताया है कि ट्रेन के संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। रेलवे स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा, सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव लखनऊ जंक्शन पर होगा, जबकि पानी की आपूर्ति मुरादाबाद स्टेशन पर की जाएगी। इस रूट की यह वंदे भारत एक्सप्रेस न सिर्फ सहारनपुर को राज्य की राजधानी लखनऊ से जोड़ने का तेज माध्यम बनेगी, बल्कि यह व्यापारिक गतिविधियों को भी रफ्तार देगी। खास बात यह है कि इससे पहले सहारनपुर को दिल्ली-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस का तोहफा भी मिल चुका है, जो आनंद विहार टर्मिनल से चलती है।
ट्रेन का टाइम टेबल इस प्रकार रहेगा-
ट्रेन संख्या 26504 (लखनऊ से सहारनपुर): हर सुबह 5:55 बजे लखनऊ जंक्शन से रवाना होगी और दोपहर 12:45 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 26503 (सहारनपुर से लखनऊ): दोपहर 3:00 बजे (15:00 बजे) प्रस्थान करेगी और रात 9:55 बजे (21:55 बजे) लखनऊ पहुंचेगी।
मुख्य ठहराव: लखनऊ जंक्शन, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, नजीबाबाद और सहारनपुर।
इस ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को समय की बचत, आधुनिक सुविधाएं, और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा। सहारनपुर से लखनऊ तक अब सफर न केवल तेज़ होगा बल्कि बेहद सुखद भी। रेलवे जल्द ही इसके उद्घाटन समारोह की आधिकारिक तारीख का ऐलान करेगा।
ये भी पढ़े – एक्स ने किया पाकिस्तान पीएम शहबाज शरीफ के दावे का पर्दाफाश, कश्मीर पर झूठा बयान हुआ बेनकाब

