होम = Cover Story Global = UP Weather Update: यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

UP Weather Update: यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी दिखेगा और दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी यूपी के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है।

इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर में आज बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका जताई गई है।

वहीं प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। कुछ इलाकों में हल्की बारिश की फुहारें पड़ सकती हैं, तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 27 और 28 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम का बदला हुआ स्वरूप देखने को मिलेगा। राजधानी लखनऊ में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा, दोपहर के बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

इन जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

आज बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बरेली, संभल, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी में अधिकांश स्थानों पर तेज बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं मथुरा, हाथरस, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, सीतापुर और बहराइच में कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर और जालौन में कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, अमेठी, अयोध्या, बस्ती और सिद्धार्थनगर में एक-दो स्थानों पर बारिश का अनुमान जताया गया है।

अगले 24 घंटों में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 28 जनवरी से अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। 29 जनवरी को प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: ईरान पर कभी भी छिड़ सकता है युद्ध, समंदर में अमेरिकी विध्वंसक तैनात; ट्रंप के इशारे पर सैन्य ताकत तैयार