UP News : कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात की। हरिओम की रायबरेली के ऊंचाहार में कथित रूप से भीड़ द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर पूरे प्रदेश में गुस्सा और राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है।
राहुल गांधी बोले – “हम न्याय के लिए आए हैं, राजनीति करने नहीं”
चकेरी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद राहुल गांधी सीधे फतेहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक के परिवार से लंबी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, “हमारे बेटे और भाई की हत्या की गई है। अपराध इस परिवार ने नहीं किया, बल्कि इनके साथ किया गया है। इन्हें घर में बंद कर रखा गया, डराया जा रहा है। ये लोग केवल न्याय मांग रहे हैं और उन्हें न्याय मिलना चाहिए।”
राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सुनिश्चित करना चाहिए कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। राहुल ने आगे कहा,“जरूरी यह नहीं कि परिवार मुझसे मिले या न मिले, लेकिन जरूरी यह है कि उन्हें न्याय मिले। जो अपराधी हैं, उन्हें सजा दी जाए और पीड़ितों को सम्मान के साथ न्याय मिले।”
परिवार ने पहले मुलाकात से किया था इनकार
सुबह हरिओम के परिजनों ने राहुल गांधी से मिलने से इनकार कर दिया था। हरिओम के भाई शिवम वाल्मीकि ने कहा कि वे सरकार की कार्रवाई से संतुष्ट हैं और किसी राजनीतिक हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, “मेरे भाई के हत्यारों को जेल भेजा जा चुका है और मेरी बहन को नौकरी मिल चुकी है। हम नहीं चाहते कि कोई नेता यहां राजनीति करे।”
कांग्रेस ने लगाया दबाव बनाने का आरोप
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विवेकानंद पाठक ने आरोप लगाया कि सरकार और जिला प्रशासन ने परिवार पर दबाव बनाया कि वे राहुल गांधी से न मिलें। उन्होंने कहा, “पीड़ित परिवार डरा हुआ है। जो भी उनके दुख में शामिल होने आता है, उसे रोकने की कोशिश की जा रही है। यह भाजपा सरकार की ओछी राजनीति है।”
सरकार की त्वरित कार्रवाई, बहन को मिली नौकरी
घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन ने तेजी से कदम उठाए। मृतक की बहन कुसुम देवी को अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय में स्टाफ नर्स के रूप में आउटसोर्स पद पर नियुक्त किया गया है।
राहुल गांधी के जाने के बाद भी कड़ी निगरानी
राहुल गांधी की मुलाकात के बाद भी ऊंचाहार स्थित गांव में प्रशासनिक पहरा जारी है। पुलिस बल गांव में तैनात है और परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस दलितों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ हमेशा खड़ी रहेगी। देश में जहां भी दलितों पर अत्याचार होगा, कांग्रेस वहां पहुंचेगी और न्याय के लिए लड़ेगी।
ये भी पढ़े – UP News : “इस बार पीडीए की हवा निकल गई है” – BSP बैठक में कार्यकर्ताओं की बात पर मायावती का ऐसा रहा रिएक्शन
राहुल गांधी की यह यात्रा न केवल एक संवेदना भेंट थी, बल्कि दलित अत्याचारों के खिलाफ एक राजनीतिक संदेश भी बन गई। परिवार ने भले ही राजनीति से दूरी बनाने की बात कही हो, लेकिन राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि “मिलना जरूरी नहीं, न्याय मिलना जरूरी है।”

