Release Final Voter List Today: उत्तर प्रदेश में आज फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने जा रही है, लेकिन उससे पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर वोटर लिस्ट में हेरफेर कर रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा आज दोपहर आधिकारिक रूप से यह सूची जारी करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस बार करीब 7 लाख वोटर्स के नाम सूची से हट सकते हैं, जबकि बड़ी संख्या में नए नाम भी जोड़े गए हैं। अनुमान है कि अंतिम वोटर लिस्ट में कुल संख्या करीब 13.35 करोड़ तक पहुंच सकती है।
क्या है पूरा मामला
यह पूरी प्रक्रिया पिछले कई महीनों से चल रही थी, जिसमें ड्राफ्ट लिस्ट जारी होने के बाद दावे और आपत्तियां मांगी गई थीं। इस दौरान लाखों लोगों ने नए नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया, जबकि कुछ ने अपने नाम हटाने का अनुरोध भी किया। जांच के बाद आयोग ने अंतिम सूची तैयार की है। समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि खास वर्गों के वोट काटने और फर्जी नाम जोड़ने की साजिश रची जा रही है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से सबूत जुटाने और उन्हें पार्टी कार्यालय में जमा करने की अपील की है, ताकि जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
किन लोगों के हटे नाम
सूत्रों के अनुसार, जिन वोटर्स के नाम परिवार के अन्य सदस्यों से मेल नहीं खा पाए या जिनके दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई, उनके नाम हटाए जाने की संभावना ज्यादा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा नाम कटने की चर्चा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि फाइनल लिस्ट सामने आने के बाद सियासत किस दिशा में जाती है।
ये भी पढ़ें: अब अंतरिक्ष से वापसी भी सुरक्षित! गगनयान टेस्ट में भारत की बड़ी सफलता

